Nirbhik Nazar

झारखंड मे भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक आगाज, सरकार के खिलाफ बनेगी रणनीति

रांची: भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक बुधवार से शुरू होगी। कार्यसमिति बैठक में भाग लेने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सीटी रवि मंगलवार को रांची पहुंचे, जबकि प्रदेश प्रभारी दिलीप सैकिया, सह प्रभारी सुभाष सरकार बुधवार को आएंगे। सेमी वर्चुअल मोड़ में आयोजित इस बैठक में भाजपा के सभी सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और कार्यसमिति सदस्य भाग लेंगे। लंबे समय बाद हो रही प्रदेश कार्यसमिति बैठक में पेश होने वाले राजनीतिक प्रस्ताव में वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा की जाएगी। मोदी सरकार की उपलब्धियों को साझा करने के साथ ही प्रदेश सरकार पर कार्यसमिति हमलावर होगी। राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलनात्मक रणनीति पर भी कार्यसमिति अपनी मुहर लगाएगी। प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने बताया कि 30 जून को शाम पांच बजे से प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें कार्यसमिति से संबंधित प्रस्तावों और कार्यक्रमों की विस्तृत चर्चा की जाएगी। वहीं एक जुलाई को पूर्ण कार्यसमिति बैठेगी, जिसका उद्घाटन पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सीटी रवि करेंगे।

राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश के प्रभारी दिलीप सैकिया, सह प्रभारी सुभाष सरकार, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, सांसद कामाख्या प्रसाद विशेष रूप से कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। कार्यसमिति बैठक चार सत्रों में होगी। इसमें विगत दिनों प्रदेश में पार्टी द्वारा आयोजित विभिन्न सांगठनिक एवं आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की चर्चा होगी। राजनीतिक प्रस्ताव के माध्यम से मोदी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां, कोरोना से निबटने में केंद्र सरकार के सार्थक प्रयासों, गरीबों- किसानों के कल्याण के कार्यों के साथ विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान चलाने के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया जाएगा। राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी चर्चा होगी। भाजपा का आरोप है कि डेढ़ वर्षों में राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल हुई है। चारों तरफ भ्रष्टाचार है और संसाधनों की लूट मची हुई है। शराब माफिया को संरक्षण दिया जा रहा है। फर्जी मुकदमे लादे जा रहे हैं और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला हो रहा है। सरकार दलितों, आदिवासियों, युवाओं, महिलाओं की विरोधी है। चर्चा के बाद सड़क से सदन तक जन विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *