देहरादून: मुख्यमंत्री के प्रमुख सलाहाकार डा. रघुवीर सिंह रावत ने जिला सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों एवं कोविड में किए जा रहे कार्यो की समीक्षा की। सबसे पहले उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग, स्वास्थ्य, पर्यटन, होम स्टे, मुख्यमंत्री घोषणा, कोविड की स्थिति आदि की जानकारी ली। उन्होंने भूमि, पानी, स्वास्थ्य, सड़क आदि पुरानी योजनाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से लोगों को समय से लाभान्वित करना ही हमार मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने अधिकारियों से नौले, चाल खाल, धारे आदि के संरक्षण के लिए किए जा रहे तकनीकि कार्यो की जानकारी दी। जल संरक्षण में सही तैयारी नही होने पर अधिकारियों से कार्यो को गुणवत्ता पूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। इसमें कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए प्रमुख सलाहकार ने संबंधी विभागों को आपसी तालमेल बनाकरण कार्य करने के निर्देश दिये। पीएमजीएसवाई ईई ने बताया कि सूखीढाग डाडा मीनार रोड को लेकर वह दूसरे फेज में डामरीकरण को लेकर कार्य कर रहे हैं। कोलीढेक झील की प्रगति पर सिंचाई विभाग के ईई ने बताया कि 75 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। डिप्टेश्वर व कूर्म झील का प्रस्ताव भेजा है। श्यामलाताल झील में लीकेज को रोकने के लिए शोध आदि का कार्य किया जा रहा है। हुड्डी नदी में बाढ़ रोकथाम के लिए 50 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। पर्यटन अधिकारी से जिले के धार्मिक, ईको टूरिस्म व सामान्य पर्यटन की जानकारी लीं और संतुष्ट होते हुए कहा कि वन विभाग की मदद से ईको टूरिज्म पर जोर दिया जाए, जिससे पर्यटन को और बढ़ावा मिल सके। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा पर उन्होंने संतुष्टि जताई। उन्होंने कहा कि कोविड की दूसरी लहर में सभी ने बेहतरीन कार्य किया है और यदि तीसरी लहर आती है तो उसकी रोकथाम पर विशेष जोर देने को कहा। उन्होंने डेयरी, पशुपालन विभागों की समीक्षा के दौरान उनके द्वारा जनपद में किये गये कार्याें की सराहना की। इस मौके पर डीएम विनीत तोमर, एसपी लोकेश्वर सिंह, डीएफओ मयंक शेखर झा, सीडीओ राजेन्द्र सिंह रावत, एडीएम त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष शकर दत्त पाण्डेय, सीएमओ डा आरपी खंडूरी समेत समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।