देहरादून: आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हुए कर्नल अजय कोठियाल (सेवानिवृत्त) उत्तराखंड उपचुनाव में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता नवीन पिरशाली ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के गंगोत्री से उपचुनाव लड़ने की अटकलें को लेकर सत्ताधारी भाजपा को सीधे तौर पर चुनौती दी। नवीन पिरशाली ने कहा कि विधानसभा चुनाव से सालभर पहले नेतृत्व परिवर्तन करने वाली भाजपा को 57 विधायकों में से एक भी ऐसा काबिल व्यक्ति नहीं मिला जिसे मुख्यमंत्री बनाया सा सकता था। ऐसे में पार्टी ने तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री बनाया जो अभी तक विधानसभा चुनाव लड़ने का साहस नहीं दिखा पाए हैं। आप प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को सीधे चुनौती देते हुए कहा कि गंगोत्री विधानसभा उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता कर्नल अजय कोठियाल उनसे सीधा मुकाबला करेंगे।

आप प्रवक्ता ने कहा की आज उत्तराखंड की जनता भाजपा की नाकाबिल सरकार से दुखी है। उन्होंने स्पष्ट किया की आम आदमी पार्टी का लक्ष्य उत्तराखंड का नवनिर्माण है और पार्टी के गंगोत्री उप चुनाव लड़ने का मकसद देवभूमि को एक नकारे मुख्यमंत्री के कुशासन से छुटकारा दिलाना है। कहा कि मौजूदा मुख्यमंत्री के विधानसभा सदस्य निर्वाचित होने की अनिवार्यता का समय निकलता जा रहा है। बावजूद इसके भाजपा ने अभी तक स्थितियों को उलझा कर रखा है। इतने गंभीर मुद्दे पर भाजपा का यह टालमटोल रवैया बताता है कि उसने अभी से हार स्वीकार कर ली है।
कर्नल साहिब, शुभकामनाएँ।
आपने फ़ौज में अपनी जान की बाज़ी लगाकर देश की रक्षा की। अब उत्तराखंड आपकी ओर देख रहा है। यहाँ की भ्रष्ट राजनीति भी साफ़ करनी है। https://t.co/jJr7gn78Iv
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) July 1, 2021
अरविंद केजरीवाल ने दी शुभकामनाएं
अजय कोठियाल का नाम गंगोत्री सीट के लिए घोषित होने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा ‘कर्नल साहब, शुभकामनाएं। आपने फौज में जान की बाजी लगाकर देश की रक्षा की। अब उत्तराखंड आपकी ओर देख रहा है। यहां की भ्रष्ट राजनीति भी साफ करनी है।’
पाँच वर्षों में भाजपा ने उत्तराखंड को बर्बाद कर दिया…
मैं सौभाग्यशाली हूँ कि मेरी पार्टी ने मुझे CM @TIRATHSRAWAT के सामने गंगोत्री उपचुनाव लड़ने का मौक़ा दिया है। मैं गंगोत्री के कई गाँवों में गया। लोग बहुत दुखी हैं। मुझे विश्वास है कि इस बार जनता की जीत होगी।
जय हिंद। https://t.co/M5hU95ECav
— Col Ajay Kothiyal, KC, SC, VSM (R.) (@ColAjayKothiyal) July 1, 2021
वहीं इस पर अजय कोठियाल ने कहा कि पांच वर्षों में भाजपा ने उत्तराखंड को बर्बाद कर दिया है। मैं सौभाग्यशाली हूं कि मेरी पार्टी ने मुझे मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के सामने गंगोत्री उपचुनाव लड़ने का मौका दिया है। उन्होंने कहा कि मैं गंगोत्री के कई गांवों में गया। लोग बहुत दुखी हैं। मुझे विश्वास है कि इस बार जनता की जीत होगी।