Nirbhik Nazar

भाजपा बाहर नहीं आने दे रही नाराज़गी के सुर, उत्तराखंड में धामी को सीएम बनाने से नाराज हैं कई वरिष्ठ विधायक

देहरादून : युवा विधायक पुष्कर सिंह धामी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने से पार्टी के कुछ वरिष्ठ विधायकों में नाराजगी के सुर को देखते हुए भाजपा उन्हें साधने में जुट गई है। मुख्यमंत्री के रूप में पुष्कर सिंह धामी और उनके मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण से ऐन पहले के इस घटनाक्रम को देखते हुए रविवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट समेत अन्य नेता रूठों को मनाने की कोशिशों में जुटे रहे। वहीं, दूसरी ओर सतपाल महाराज ने इस मामले में मीडिया से बात करने से इंकार कर दिया।

-भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मदन कौशिक ने कहा कि कहीं कोई नाराजगी नहीं है। पार्टी के कार्यक्रमों को लेकर बैठके की जा रही थीं।

-सतपाल महाराज को मनाने पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य यमुना कालोनी स्थित आवास से रवाना। इससे पहले यशपाल आर्य और डा हरक सिंह रावत से धन सिंह रावत से मुलाकात। बताया जा रहा कि धन सिंह रावत ने दोनों की केंद्रीय नेतृत्व से फोन पर कराई बात।

उत्तराखंड की भाजपा सरकार में दूसरी बार नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। बीते रोज ही केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के रूप में खटीमा से युवा विधायक पुष्कर सिंह धामी के नाम पर मुहर लगाई गई। भाजपा हाईकमान के इस फैसले से भाजपा के कुछ विधायक नाराज चल रहे हैं। इनमें कुछ कांग्रेस पृष्ठभूमि के हैं, जो कुछ साल पहले भाजपा में शामिल हुए हैं। इनमें तीरथ सरकार में मंत्री रहे सतपाल महाराज, डा हरक सिंह रावत आदि के नाम मुख्य रूप से चर्चा में हैं।

इसके अलावा विधायक बिशन सिंह चुफाल समेत कुछ अन्य विधायक भी नाराज बताए जा रहे हैं।भाजपा विधायक बिशन चुफाल ने तो रविवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक के समक्ष अपनी पीड़ा भी बयां कर दी। चर्चा तो यह भी रही कि चुफाल शायद ही शपथ लें, वह तीरथ सरकार में मंत्री थे। विधायकों में नाराजगी के भाव को देखते हुए भाजपा नेतृत्व तुरंत ही डैमेज कंट्रोल में जुट गया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, नैनीताल से सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने चुफाल से मुलाकात कर उन्हें मनाने की कोशिश की। इसके अलावा डा हरक सिंह रावत, सतपाल महाराज समेत कुछ अन्य विधायकों से भी भाजपा नेतृत्व द्वारा संपर्क साधे जाने की सूचना है। ऐसे में सबकी नजरें शाम को राजभवन में होने वाले शपथ ग्रहण पर टिकी हैं। उधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने फिर दोहराया कि पार्टी का कोई भी विधायक नाराज नहीं है। सभी पूरी तरह एकजुट हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *