Nirbhik Nazar

इसलिए नम हो गई पुष्कर सिंह धामी की माता जी की आँखे …

खटीमा: विधायक पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री बनने की खबर से उनकी माता विश्ना देवी बेहद खुश हैं। खुशी का आलम यह है कि उनकी आंखों से आंसू छलक आए। उन्होंने बताया कि बेटे की इस कामयाबी के पीछे उसकी लगन और आम जनता के प्रति सेवा भाव की भावना है। विश्ना देवी यह कहकर भावुक हो गईं कि अगर आज उनके पिता कै.शेर सिंह धामी जिंदा होते तो वह बेटे की कामयाबी पर बेहद खुश होते।

गांव के खड़क सिंह भंडारी बताते हैं कि उनके गांव का मुख्यमंत्री बना है। इससे बढ़कर और कोई खुशी नहीं होती। नगर तराई खटीमा का लाल एक मुकाम पर पहुंचा है। गांव के ही गंभीर सिंह धामी बताते हैं कि पुष्कर का सीएम बनना बेहद खुशी का विषय है। पड़ोसी गुुमान सिंह खोलिया ने कहा कि खटीमा को कभी इतनी बड़ी सफलता मिलेगी इस सपने को धामी ने साकार किया।

खुद को विधायक धामी का चाचा बताने वाले नारायण सिंह धामी ने कहा कि उन्होंने सपने में भी कभी सोचा नहीं था, लेकिन उनके बेटे ने यह कर दिखाया, आज समूचा पहाड़ बेहद खुश है। गांव के खुशाल सिंह खोलिया ने कहा कि पूरा विश्वास है कि सीमांत क्षेत्र के गांव का होनहार कर्मठ जुझारू युवा प्रदेश का बेहतरीन तरीके से नेतृत्व करेगा और उसके नेतृत्व में भाजपा फिर सरकार बनाएगी।

उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संगठन चिह्नित राज्य आंदोलनकारी समिति अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भंडारी ने विधायक धामी के सीएम बनने पर खुशी जताई और कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों के सपने अब साकार होंगे। खटीमा गोलीकांड के शहीदों की शहादत अब व्यर्थ नहीं जाएगी। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी शहीदों के परिजनों की उम्मीदों के अनुरूप प्रदेश सरकार काम करेगी, सभी को ये ही आस है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *