देहरादून: प्रदेश के नए मुख्य सचिव डा सुखबीर सिंह संधू ने मंगलवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्हेंं निवर्तमान मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने पदभार सौंपा। डा संधू ने कहा कि उनका फोकस सरकार द्वारा बनाई गई योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल में उतारने पर रहेगा। अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि जनप्रतिनिधियों के साथ व्यवहार अच्छा रखें। उनसे मिली जानकारी के आधार पर व्यवस्था को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाए।
मंगलवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्य सचिव ने कहा कि देखने में आता है कि कई अच्छी योजनाएं विभिन्न कारणों से धरातल पर नहीं उतर पातीं। इससे जनता को लाभ नहीं मिल पाता है। उनकी पूरी टीम का प्रयास रहेगा कि योजनाएं धरातल पर उतरें। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास यह रहेगा कि कोरोना महामारी में नियंत्रण बना रहे। ऐसी कोई गलती न हो कि इसका प्रकोप फिर से बढ़े। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी पर रोकथाम को लेकर प्रदेश की तैयारियों के संबंध में वह बुधवार को विस्तृत बैठक करेंगे। मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड में हर साल आपदा आती है। इसके लिए व्यवस्थाएं बनी हुई हैं। इसकी समीक्षा कर यह देखा जाएगा कि इसमें कितना सुधार लाकर और प्रभावी बनाया जाए।

चारधाम आलवेदर रोड में लाई जाएगी तेजी
मुख्य सचिव ने कहा कि चारधाम आलवेदर रोड पर कार्य प्रगति पर है। इस पर तेजी से काम हो रहा है। न्यायालय के आदेशों के कारण कुछ विलंब हुआ था। अब न्यायालय का रुख बदला है तो इसमें और तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कुछ नई सड़कों को भी मंजूरी प्रदान की है। कई सड़कों पर काम हो रहा है। आने वाले दिनों में इनका फायदा प्रदेश को नजर आएगा।
सकारात्मक तरीके से लिया जाएगा जनप्रतिनिधियों का फीडबैक
मुख्य सचिव डा संधू कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए जाने वाले फीड बैक को सकारात्मक तरीके से लेना चाहिए। जनप्रतिनिधि जनता के बीच जाते हैं और उनकी समस्याओं से रूबरू हैं। ऐसे में उनके फीडबैक के आधार पर कमियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।