रांची: झारखंड प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा में प्रोन्नति पाने वाले 10 अधिकारियों को कनिष्ठ प्रशासनिक कोटि में प्रोन्नति मिली है। प्रोन्नति के उपरांत सभी आइएएस अपने वर्तमान पदस्थापन की जगह पर बने रहेंगे। जिन अधिकारियों को प्रोन्नति मिली है, उनके नाम क्रमश: भीष्म कुमार (परियोजना निदेशक, ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी, रांची), यतींद्र प्रसाद (प्रबंध निदेशक, झारखंड राज्य खाद्य निगम), चंद्र किशोर उरांव (अपर सचिव, स्वास्थ्य विभाग), सुनील कुमार (मिशन निदेशक, झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी), मेघु बड़ाइक (अपर सचिव, मुख्यमंत्री सचिवालय), चंद्रशेखर प्रसाद (परियोजना निदेशक, आइटीडीए, जमशेदपुर), मोती जार्ज लकड़ा (अपर सचिव, वाणिज्य कर विभाग), मनोज कुमार (कारा महानिरीक्षक, झारखंड), अविनाश कुमार सिंह (संयुक्त सचिव, वित्त विभाग) और अरुण कुमार रतन (संयुक्त सचिव, नगर विकास विभाग) हैं।
पांच आइएएस का प्रभार बदला, राजेश्वरी बनीं मनरेगा आयुक्त
राज्य सरकार ने पांच आइएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी है अथवा उनके प्रभार में बदलाव किया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार मोती जॉर्ज लकड़ा को अगले आदेश तक कार्मिक विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। राजेश्वरी बी. को झारखंड का मनरेगा आयुक्त बनाते हुए दो दिन पूर्व की पदस्थापना आदेश को विलोपित कर दिया गया है। इसी प्रकार आइएएस अधिकारी शांतनु कुमार अग्रहरि को नागरिक सुरक्षा आयुक्त बनाया गया है। कोडरमा की डीडीसी आर. रॉनीटा को झारखंड पर्यटन विकास निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। दूसरी ओर, गिरिडीह की एसडीओ रहीं प्रेरणा दीक्षित को गृह विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है।