देहरादून: केदारनाथ में तीर्थपुरोहित देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। मंदिर परिसर में 28वें दिन धरना देते हुए तीर्थपुरोहितों ने सरकार व बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। साथ ही सरकार व बोर्ड पर अनदेखी का आरोप लगाया है।

मंदिर परिसर में धरना व नारेबाजी के बीच तीर्थपुरोहितों का कहना था कि आंदोलन को एक माह होने को है, लेकिन शासन-प्रशासन व बोर्ड के किसी भी सक्षम अधिकारी ने उनसे बातचीत नहीं की है। ऐसे में समझा जा सकता है कि सरकार कितनी गंभीर है। कहा कि चारधाम तीर्थपुरोहित समाज ऑनलाइन बैठक कर भावी रणनीति की योजना बना रहा है। साथ ही एक प्रतिनिधिमंडल सरकार से भेंट कर स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहेगा। केदार सभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला, महामंत्री कुबेरनाथ पोस्ती, आचार्य संतोष त्रिवेदी आदि का कहना है कि देवस्थानम बोर्ड का कोई औचित्य नहीं है। सरकार ने चारधाम के तीर्थपुरोहित व हक-हकूकधारियों को बिना विश्वास में लेकर बोर्ड थोपा है, जिसका विरोध जारी है। केदारनाथ में धरना देने वालों में संजय तिवारी, प्रवीण शुक्ला आदि मौजूद थे।