देहरादून: चुनावी मौसम नजदीक आ रहा है और आम आदमी पार्टी (आप) की नजर अब उत्तराखंड पर है। राज्य में अगले साल चुनाव होने हैं और आप ने बिजली को मुद्दा बनाने का मन बना लिया है। दिल्ली के मुख्मयंत्री अरविंद केजरीवाल ने महंगी बिजली के मुद्दे पर उत्तराखंड की सरकार को घेरा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार को उत्तराखंड आ रहे हैं। यह जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट कर लोगों के साथ साझा की है। आम आदमी पार्टी मुखिया ने ट्वीट किया है कि बिजली का उत्पादन करने वाले उत्तराखंड में लोगों को बिजली महंगी क्यों मिलती है। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली बिजली नहीं बनाता फिर भी लोगों को मुफ्त में बिजली मिलती है जबकि उत्तराखंड बिजली बनाकर दूसरे राज्यों को बेचता भी है। सीएम ने सवाल किया कि क्या उत्तराखंड के लोगों को मुफ्त में बिजली नहीं मिलनी चाहिए?
उत्तराखंड खुद बिजली बनाता है, दूसरे राज्यों को बेचता भी है।फिर उत्तराखंड के लोगों को इतनी महँगी बिजली क्यों?
दिल्ली अपनी बिजली नहीं बनाता,दूसरे राज्यों से ख़रीदता है।फिर भी दिल्ली में बिजली फ़्री
क्या उत्तराखंड वासियों को फ़्री बिजली नहीं मिलनी चाहिए?
कल देहरादून में मिलते हैं
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) July 10, 2021

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, “उत्तराखंड खुद बिजली बनाता है, दूसरे राज्यों को बेचता भी है।फिर उत्तराखंड के लोगों को इतनी महंगी बिजली क्यों? दिल्ली अपनी बिजली नहीं बनाता,दूसरे राज्यों से ख़रीदता है. फिर भी दिल्ली में बिजली फ़्री क्या उत्तराखंड वासियों को फ़्री बिजली नहीं मिलनी चाहिए? कल देहरादून में मिलते हैं.”
त्रिकोणीय होगा उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 का मुकाबला
बता दें कि आम आदमी पार्टी के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में उतरने पर मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है। वहीं, विरोधी पार्टियों कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का कहना है कि आम आदमी पार्टी सिर्फ दिल्ली तक सीमित है, उत्तराखंड में कोई भला नहीं होगा। उत्तराखंड में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की मानें तो पार्टी के लिए आम आदमी पार्टी किसी तरह की चुनौती नहीं है। उधर, उत्तराखंड के राजनीति को करीब से जानने वालों का कहना है कि आम आदमी पार्टी सत्ता में आती हुई तो नहीं नजर आ रही है, लेकिन दिल्ली में जो इस पार्टी में चमत्कार किया है, उसे भी नहीं भूलना चाहिए।