देहरादून: आम आदमी पार्टी (आप) की प्रदेश प्रवक्ता उमा सिसोदिया के एक वीडियो से प्रदेश में सियासत गरमा गई है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल इस वीडियो में उमा ने प्रदेशवासियों के लिए अशोभनीय टिप्पणी की है। इसके लिए हर तरफ उनकी आलोचना हो रही है। यह वीडियो सोमवार को सामने आया, जिसमें उमा प्रदेशवासियों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करती सुनाई दे रही हैं। इसके बाद इंटरनेट मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जाने लगा। लोग उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाने लगे। विभिन्न राजनीतिक दलों ने भी आप प्रवक्ता के इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल ने कहा कि उमा सिसोदिया के इस बयान से आम आदमी पार्टी की उत्तराखंड और यहां के निवासियों के प्रति सोच स्पष्ट होती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता आगामी चुनाव में आप को इस बयान का जवाब खुद देगी।

वहीं, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमन्त्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हरीश रावत ने ट्वीट कर कहा है स्वाभिमानी उत्तराखंडियों की दशा को होटल्स के बाहर खड़े कुत्तों जैसी बताना, बहुत दु:खद है। आप पार्टी की प्रवक्ता ने यह अत्यधिक कष्ट पहुंचाने वाली टिप्पणी की है। हरीश रावत ने कहा है की आम आदमी पार्टी और उनकी प्रवक्ता को इस टिप्पणी के लिए उत्तराखंडियों से माफी मांगनी चाहिये।