Nirbhik Nazar

उत्तराखंड पुलिस का ‘आपरेशन मर्यादा’ रोकेगा धार्मिक स्थलों पर लापरवाह लोगों का हुड़दंग

देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर हुड़दंग रोकने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। ऐसे तत्वों पर कार्रवाई के लिए गुरुवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक कुमार ने ‘आपरेशन मर्यादा’ की शुरुआत की। इस अभियान के तहत पुलिस धार्मिक स्थलों व गंगा के तटों पर कड़ी नजर रखेगी और जो व्यक्ति यहां हुड़दंग या मादक पदार्थों का सेवन करता पाया जाएगा, उसे गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। इसके साथ पर्यटक स्थल पर गंदगी फैलाने वालों पर भी सख्ती की जाएगी। उनसे पुलिस एक्ट में जुर्माना वसूला जाएगा।

हालिया दिनों में राज्य में हरकी पैड़ी समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर हुड़दंग के मामले सामने आ चुके हैं। हरिद्वार में हरकी पैड़ी पर तो कुछ युवक गंगा स्नान के दौरान हुक्का पीते पकड़े गए थे। इसको लेकर काफी हंगामा हुआ था। तीर्थ पुरोहितों के साथ समाज के विभिन्न वर्र्गों ने इस पर कड़ा एतराज जताया था। इसके बाद पुलिस भी एक्शन मोड में आई और डीजीपी ने ऐसे व्यक्तियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए। इसी क्रम में अब उन्होंने पुलिस को अभियान चलाकर ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। डीजीपी ने देहरादून, हरिद्वार, टिहरी और पौड़ी के जिला प्रभारी को निर्देश दिया है कि आगामी 15 दिन तक ‘आपरेशन मर्यादा’ सख्ती से चलाया जाए। इसके बाद अभियान का आकलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान को प्रभावी रूप से चलाने के लिए जिला प्रभारी इसमें अपने कुशल कर्मचारियों को तैनात करें और खुद इस अभियान की निगरानी करें।

पुलिस महान‍िदेश अशोक कुमार का कहना है कि उत्तराखंड आने वाले सभी पर्यटकों का स्वागत है। पर्यटकों से अनुरोध है कि उत्तराखंड देवभूमि है, यहां की संस्कृति, मां गंगा और प्रकृति का सम्मान करें। धार्मिक स्थलों व गंगा तट पर हुड़दंग, मादक पदार्थों का सेवन और पर्यटक स्थलों पर गंदगी करना मर्यादित आचरण नहीं है। ऐसा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

 

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *