हरिद्वार: जिला प्रशासन टैंकरों के माध्यम से जिले की सीमाओं पर गंगा जल भेजेगा, ताकि कांवड़िए सीमा से ही जल लेकर लौट सकें। हरिद्वार की नासरन, श्यामपुर और अन्य सीमाओं पर टैंकर रखने की तैयारी प्रशासन ने शुरू कर दी है। वहीं मांग के अनुसार हरियाणा, यूपी, पंजाब, दिल्ली समेत अन्य जगहों पर पहले ही टैंकर से गंगा जल भेजने पर सहमति बन गई है।
स्थानीय जिलाधिकारी और एसएसपी से बैठक कर इस संबंध में वार्ता होनी शेष है। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने बताया कि हरिद्वार से टैंकरों से गंगाजल सीमा पर भेजा जाएगा। जरूरत के हिसाब से गंगा जल हरिद्वार से भेजने के लिए पड़ोसी जिलों के अलावा कई अन्य जिलों के जिलाधिकारी और एसएसपी के साथ जल्द ही ऑनलाइन समन्वय बैठक भी की जाएगी।

अस्थि विसर्जन पर रोक नहीं
डीजीपी ने कहा कि कांवड़ मेले को प्रतिबंधित करने के संबंध में कांवड संघों के साथ होने वाली बैठक को थाने की जीडी में भी दर्ज किया जाए। ताकि अगर कोई कोविड महामारी ऐक्ट का उल्लंघन करता है तो उसके विरूद्ध कार्रवाई करने में आसानी हो। डीजीपी ने कहा कि कांवड के दौरान अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार आने पर कोई रोक नहीं रहेगी। इस बीच शासन ने पड़ोसी राज्यों को पत्र लिखकर उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा पर रोक की विधिवत जानकारी उपलब्ध करा दी है। मुख्यसचिव की ओर से यूपी, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, राजस्थान, मध्यप्रदेश के मुख्यसचिवों को भेजे गए पत्र में यात्रियों को अपने राज्यों में ही रोकने की गुजारिश की गई है।