देहरादून: कोरोना की पहली और दूसरी लहर के चलते लगी बंदिशों के बाद अब नई गाइडलाइन के तहत पासपोर्ट बनाने के लिए उत्तराखंड में भी पूरी क्षमता के साथ ऑनलाइन अपॉइंटमेंट खोल दिए गए हैं। देहरादून पासपोर्ट सेवा केंद्र में रोजाना 420 जबकि, प्रदेश के छह पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र में रोजाना 40-40 अपॉइंटमेंट खोले गए हैं। अब आवेदन करने वालों को अगले दिन का ही अपॉइंटमेंट मिल जा रहा है।

दून के हाथीबड़कला स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीएसके) और प्रदेश के सभी छह पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीओपीएसके) पर कोविड कर्फ्यू में ढील के बाद अब तक पासपोर्ट के लिए आधी क्षमता के साथ आवेदकों को बायोमेट्रिक सत्यापन का अपॉइंटमेंट दिया जा रहा था। इसे अब पूरी तरह से खोल दिया गया है। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी विजय शंकर पांडेय ने बताया कि देहरादून पीएसके समेत अल्मोड़ा, रुद्रपुर, श्रीनगर गढ़वाल, काठगोदाम, नैनीताल और रुड़की स्थित पीओपीएसके में भी पूरी क्षमता के साथ बायोमीट्रिक सत्यापन शुरू कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बताए गए समय पर ही केंद्र पहुंचे और कोरोना गाइडलाइन का पालन करें।