देहरादून: उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पर्यटन और चार धाम यात्रा से संबंधित गतिविधियों में लगे लोगों के लिए 200 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की। इसके साथ ही सीएम ने उम्मीद जताई है कि इस पैकेज से 1.63 लाख परिवारों को लाभ पहुंचेगा। ये जानकारी बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी की गई। उत्तरकाशी में बादल फटने की घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बादल फटने से प्रभावित गांवों के दौरे के दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। ये जानकारी सीएमओ द्वारा दी गई।

बता दें दो दिन पहले उत्तराखंड सरकार ने चार धाम यात्रा की लाइव स्ट्रीमिंग नहीं करने का निर्णय लिया है। शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बताया कि हमने सभी सुझावों को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया है, क्योंकि वेदों में भी ऐसा नहीं लिखा गया है। सीएम धामी ने बताया कि इस संबंध में अब हाईकोर्ट में हलफनामा दाखिल किया जाएगा।
इन कारोबारियों को मिलेगी आर्थिक सहायता
1- पर्यटन एवं अन्य विभागों में पंजीकृत पर्यटन व्यवसाय की विभिन्न गतिविधियों के संचालन में कार्य करने वाले व्यक्तियों को 6 माह तक प्रतिमाह 2 हजार की आर्थिक सहायता। 50 हजार लाभार्थियों को होगी 60 करोड़ की राशि आवंटित।
2- उत्तराखंड पर्यटन एवं यात्रा व्यवसाय नियमावली के तहत पंजीकृत टूर ऑपरेटर, एडवेंचर टूर ऑपरेटर को 10 हजार की दर से आर्थिक सहायता दी जाएगी। 665 लाभार्थियों में होगी 65.50 लाख धनराशि आंवटित।
3- पर्यटन विभाग में पंजीकृत 630 ट्रेकर गाइड्स को 10 हजार की दर से आर्थिक सहायता मिलेगी।
4- टिहरी झील के 93 बोट संचालकों को 10 हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
5- पर्यटन विभाग में व्यवसायियों को लाइसेंस व नवीनीकरण शुल्क में छूट दी जाएगी।
6- पंजीकृत राफ्टिंग व एयरो स्पोटर्स के व्यवसायियों को लाइसेंस नवीनीकरण शुल्क में छूट मिलेगी।
7- टिहरी झील में कुल 98 बोट संचालकों को लाइसेंस नवीनीकरण शुल्क में वर्ष 2021-22 में छूट।
8- सार्वजनिक सेवा वाहनों के चालक, परिचालक/ क्लीनर को 6 माह तक प्रतिमाह 2 हजार की राशि दी जाएगी। इससे 1 लाख से अधिक लाभार्थी लाभान्वित होंगे।
9- नैनीताल जनपद के नैनीझील, नौकुचियाताल, भीमताल, सातताल, सरिया ताल में पंजीकृत 549 बोट संचालकों को 10 हजार की आर्थिक सहायता।
10- नैनीताल जनपद के नैनी झील में बोट नवीनीकरण शुल्क में 671 बोट संचालकों को दी जाएगी छूट।
11- संस्कृति विभाग मे पंजीकृत 6500 सांस्कृतिक दलों को 5 माह तक दी जाएगी 2 हजार की धनराशि।
12- वन विभाग ट्रेकिंग व पीक शुल्क पर देगा छूट।
13- नैनीताल जनपद के तहत नौकुचियाताल, भीमताल, सातताल, सरिया ताल के 329 बोट संचालकों को वर्ष 2021-22 नवीनीकरण में छूट दी जाएगी ।
14- वित्त विभाग में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली व दीनदयाल उपाध्याय होम स्टे योजना ऋण में 6 माह के लिए ब्याज प्रतिपूर्ति पर आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।