Nirbhik Nazar

झारखंड में विधायकों की खरीद-फरोख्त की सूचना, होटलों में छापे, 3 गिरफ्त मे, रुपये भी बरामद

रांची: झारखंड में विधायकों की खरीद-फरोख्त की सूचना पर गुरुवार देर रात और शुक्रवार तड़के पुलिस की विशेष टीम ने रांची के कई होटलों में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने कोतवाली इलाके के एक नामी होटल से तीन लोगों को उठाया है। इनके पास से भारी मात्रा में रुपये की बरामदगी की भी सूचना है। पुलिस तीनों को गुप्त ठिकाने पर रखकर पूछताछ कर रही है। हालांकि इस पर आधिकारिक तौर पर बोलने के लिए पुलिस के आला अफसर इनकार कर रहे हैं। यहां बता दें कि पिछले सप्ताह भी हवाला लेनदेन की सूचना पर रांची से धनबाद तक कई जगह छापेमारी हुई थी। उस दिन भी राजनीतिक गलियारे में चर्चा का बाजार गर्म था।

गुरुवार देर रात रांची पुलिस को खुफिया एजेंसियों से सूचना मिली थी कि झारखंड में कुछ लोग गोपनीय तरीके से राज्य सरकार के खिलाफ साजिश में जुटे हैं। इसके लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त की भी साजिश रची जा रही है। सूचना के आधार पर रांची पुलिस की टीम ने काफी गोपनीय तरीके से रांची के बड़े होटलों में छापेमारी की। होटल से सूचना लीक न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों को विशेष हिदायत दी गई थी। अधिकतर होटलों में पुलिस सादे लिबास में छापेमारी को गई। पुलिस मुख्यालय के उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक, रांची के लोअर बाजार इलाके के एक बड़े होटल से पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी के पास से पैसों की बरामदगी भी हुई है। इसके बाद उन्हें गुप्त ठिकाने पर रखकर पूछताछ की जा रही है।

खरीद फरोख्त की बात कबूली

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विधायकों के खरीद-फरोख्त संबंधी योजना की जानकारी भी पुलिस के हत्थे चढ़े लोगों ने दी है। पूछताछ में आए तथ्यों के आधार पर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में राज्य के अलग अलग हिस्सों में जाकर जांच भी की है। खबर लिखे जाने तक पुलिस के आला अधिकारी जांच में जूटे थे। पूरे मामले को पुलिस ने काफी गोपनीय रखा है। जल्द ही मामले का खुलासा भी किया जा सकता है।

हवाला को लेकर फरवरी से जुलाई तक कई बार छापे

राज्य में हाल के दिनों में हवाला कारोबार के नाम पर भी कई बार छापेमारी की गई है। 16 जुलाई को रांची, धनबाद और बोकारो में कई व्यवसायियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई थी, जिसके बाद व्यवसायियों में हड़कंप मच गया था। वहीं रांची शहर में भारी रकम के आने की सूचना पर शहरभर में पुलिस ने गहन जांच अभियान चलाया था। रांची में दो ट्रैवेल एजेंसी के दफ्तरों पर दबिश दी गई थी। हवाला कारोबार को लेकर पुलिस ने ट्रेवल एजेंसी के दफ्तर में दबिश दी थी। इससे पूर्व रांची पुलिस ने फरवरी  में भी हवाला कारोबार के नाम पर छापेमारी की थी। तब एक ट्रैवेल एजेंसी के कार्यालय से नोट गिनने वाली मशीन भी पुलिस ने बरामद की थी। उस दौरान भी छापों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं गर्म थीं।

 

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *