Nirbhik Nazar

CCTV फुटेज से खुला राज, सरकार गिराने के लिए झारखंड के 3 विधायकों और महाराष्ट्र के नेताओं की हुई दिल्ली मे मुलाकात

रांची: झारखंड में सरकार गिराने की कथित साजिश और विधायकों की खरीद फरोख्त का सच अब खुलने लगा है। मामले की जांच के लिए दिल्ली गई टीम को सीसीटीवी फुटेज की जांच में कई सबूत हाथ लगे हैं। फुटेज की जांच में पुलिस ने पाया है कि 15 जुलाई की शाम होटल में झारखंड के कांग्रेसी विधायक इरफान अंसारी, उमाशंकर अकेला यादव और निर्दलीय विधायक अमित यादव की बैठक महाराष्ट्र के भाजपा नेता व पूर्व ऊर्जा मंत्री चंद्रशेखर राव बावनकुले और चरण सिंह के साथ हुई थी।

सीसीटीवी में महाराष्ट्र से पूरे मामले की मध्यस्था करने वाला पूर्व एनएसजी कमांडो व चंद्रशेखर राव बावनकुले का भगीना जयकुमार बलखेड़े भी है। वहीं रांची से तीनों विधायकों के साथ गए अभिषेक कुमार दुबे, अमित सिंह और निवारण कुमार महतो भी फुटेज में दिख रहे हैं। बता दें कि पांच दिन पहले अभिषेक, अमित और निवारण को पुलिस ने रांची के एक होटल में छापेमारी कर गिरफ्तार किया था।

 

तकरीबन पंद्रह मिनट तक साथ दिखे

झारखंड पुलिस के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक, रांची के खलारी डीएसपी अनिमेष नैथानी के नेतृत्व में दिल्ली गई जांच टीम ने होटल से सोमवार को 15, 16 व 17 जुलाई के फुटेज की मांग की थी। वहीं होटल हैरियर से भी 15 जुलाई का फुटेज मांगा गया था। 15 जुलाई की देर शाम होटल में एक साथ विधायक इरफान अंसारी, उमाशंकर अकेला, अमित यादव के अलावा महाराष्ट्र के चंद्रशेखर राव बावनकुले, चरण सिंह, जयकुमार बेलखेड़े व गिरफ्तार तीनों आरोपियों के बीच तकरीबन पंद्रह मिनट बैठक हुई थी। इसके बाद सभी लोग दो अलग-अलग एसयूवी से एक साथ निकलते भी फुटेज में दिख रहे हैं।

बड़े नेताओं के यहां ले जाए गए थे विधायक

पूर्व में इस मामले में गिरफ्तार अभिषेक कुमार दुबे ने स्वीकारोक्ति बयान मे खुलासा भी किया था कि होटल विवंता से निकलने के बाद महाराष्ट्र के भाजपा नेता तीनों विधायकों को पार्टी के बड़े नेताओं से मिलाने भी ले गए थे। लेकिन एक करोड़ की राशि एडवांस नहीं मिलने पर तीनों विधायक नाराज होकर लौट गए थे। हालांकि तीनों विधायक खरीद फरोख्त की बात का खंडन करते रहे हैं।

विधायकों को नोटिस देकर होगी पूछताछ

होटल के सीसीटीवी फुटेज जब्त होने के बाद अब रांची पुलिस इस मामले में तीनों विधायकों को नोटिस जारी करेगी। रांची पुलिस के अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि भी की है कि दिल्ली से पुलिस टीम के लौटने के बाद विधायकों को नोटिस देकर पक्ष लिया जाएगा। वहीं इस मामले में महाराष्ट्र भाजपा के नेताओं के साथ साथ होटल ली लैक से भागने वाले चार नेता व व्यवसायियों से भी पूछताछ की जाएगी। इसके लिए जल्द ही पुलिस टीम महाराष्ट्र जाएगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *