देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीएम आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत चिन्हित लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र सौंपे। प्रदेश के लाभार्थियों को पहली किश्त की राशि डीबीटी द्वारा आनलाइन जारी की गई। सीएम ने कैंप कार्यालय परिसर स्थित जनता दर्शन हाल में आयोजित कार्यक्रम में सौ से अधिक लोगों को आवास स्वीकृति पत्र वितरित किए। इस दौरान सीएम ने घोषणा की कि आवास बनने के बाद लाभार्थियों को पांच-पांच हजार रुपये दिए जाएंगे।
#PradhanMantriAwasYojana ग्रामीण के तहत 100 से अधिक लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र सौंपे व प्रथम किश्त की राशि DBT द्वारा ऑनलाईन हस्तातंरित की। प्रदेश में 16472 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र सौंप दिए गए हैं।
आवास बन जाने के बाद लाभार्थियों को सामान आदि हेतु ₹5000 दिए जाएंगे। pic.twitter.com/Q6zp9XNtgf
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) July 31, 2021
साझेदार के तौर पर काम कर रही है सरकार
सीएम ने घोषणा की कि पीएम आवास योजना(ग्रामीण) में प्रदेश के लाभार्थियों को आवास बन जाने के बाद सामान आदि के लिए पांच-पांच हजार रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के ध्येय वाक्य के साथ सरकार नहीं बल्कि साझेदार के तौर पर काम कर रही है।

पीएम मोदी ने योजनाओं का लाभ गरीबों तक पहुंचाया
सीएम ने कहा, पीएम की योजनाएं समाज में अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को सीधे लाभ पहुंचा रही है। पहले योजनाएं बनती थीं, लेकिन उसका लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंचता था। परंतु प्रधानमंत्री जी ने दूरदर्शिता के साथ पहले सभी के जनधन योजना में खाते खुलवाए और अब उन खातों में डीबीटी द्वारा योजना की राशि सीधे लाभार्थी को दी जा रही है। स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि आदि योजनाओं से करोड़ों भारतीयों को लाभ मिला है।
केंद्र के सहयोग से उत्तराखंड में विकास को मिल रही गति
सीएम ने कहा, प्रधानमंत्री जी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में अनेक महत्वपूर्ण विकासपरक योजनाएं चल रही हैं। सड़कों के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम हुआ है। जल्द ही देहरादून से दिल्ली केवल दो घंटे में जा पाएंगे। चार धाम परियोजना, भारतमाला परियोजना से विकास को नई गति मिल रही है। रेलवे का काफी विस्तार हुआ है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल पर तेजी से काम हो रहा है। टनकपुर-बागेश्वर का सर्वे ब्राडगैज पर करने का केन्द्र से अनुरोध किया है।