देहरादून: अपने बेबाक बयानों से अक्सर सुर्खियों में रहने वाले कैबिनेट मंत्री डा हरक सिंह रावत अब पार्टी संगठन में काम करने के इच्छुक हैं। बकौल हरक, ‘मैंने चुनाव बहुत लड़ लिए अब युवाओं को मौका मिलना चाहिए। मैंने पार्टी हाईकमान को भी इस बारे में बता दिया है। साथ ही आग्रह किया है कि अब मुझे पार्टी संगठन में काम दिया जाए।’ उधर, सियासी गलियारों में हरक के इस बयान को अपनी पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी टिकट मांगने की जुगत से जोड़कर देखा जा रहा है।
वर्ष 2016 के सियासी घटनाक्रम के बाद कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हरक सिंह रावत विधानसभा की कोटद्वार सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। त्रिवेंद्र सरकार के कार्यकाल में भी वह कई मुद्दों को लेकर मुखर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कई मर्तबा भविष्य में चुनाव न लडऩे की इच्छा जताई थी। प्रदेश सरकार में इस साल मार्च में हुए नेतृत्व परिवर्तन के बाद हरक ने तत्कालीन मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के लिए कोटद्वार सीट छोडऩे की पेशकश की थी। अब हरक ने कोटद्वार में हुई भाजपा मंडल कार्यसमिति की बैठक में फिर से चुनाव न लडऩे की इच्छा दोहराई।