Nirbhik Nazar

हरक का दुख, बोले – मुझे श्रम मंत्री नहीं मानते शमशेर सिंह सत्याल, पढ़िये पूरी खबर

देहरादून: उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष शमशेर सिंह सत्याल और श्रम मंत्री डा हरक सिंह रावत के मध्य छिड़ी जुबानी जंग थमने का नाम नहीं ले रही। सत्याल ने हाल में श्रम मंत्री को घेरने की कोशिश की थी तो अब हरक ने भी उन पर निशाना साधा है। उन्होंने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि सत्याल एक बार भी उनसे मिलने नहीं आए। वे तो मुझे श्रम मंत्री ही नहीं मानते। उन्होंने यह भी आरोप जड़ा कि सरकार के आदेशों को ही सत्याल लगातार ठेंगा दिखा रहे हैं।

बोर्ड के अध्यक्ष और श्रम मंत्री के बीच पिछले साल अक्टूबर से रार चल रही है। दोनों ने ही एक-दूसरे के खिलाफ तलवारें खींची हुई हैं। यह रार तब और बढ़ गई, जब मार्च में सरकार में हुए नेतृत्व परिवर्तन के बाद बोर्ड की सचिव का दायित्व देख रहीं श्रमायुक्त से यह जिम्मेदारी वापस ले ली गई थी। साथ ही हरिद्वार की उपश्रमायुक्त मधु नेगी चौहान को बोर्ड का सचिव बनाया गया। सत्याल को यह फैसला नागवार गुजरा। बाद में सत्याल की अध्यक्षता में हुई बोर्ड की बैठक में चौहान को हटाने का प्रस्ताव पारित कर इस संबंध में शासन को पत्र भेज दिया गया।

हालांकि, सरकार ने इस बारे में अभी कोई फैसला नहीं लिया है। हाल में विकासनगर क्षेत्र में एक गोदाम में बोर्ड के माध्यम से श्रमिकों को दी जाने वाली साइकिलों के डंप पड़े होने के मामले में बोर्ड के अध्यक्ष ने श्रम मंत्री पर निशाना साधा था।अब श्रम मंत्री डा हरक सिंह रावत ने सत्याल को आड़े हाथ लिया है। मंत्री ने कहा कि सरकार ने बोर्ड के सचिव पद का जिम्मा मधु नेगी चौहान को सौंपा, मगर सत्याल उन्हें सचिव मानने को ही तैयार नहीं हैं।

यही नहीं, सत्याल ने सचिव को हटाने के संबंध में उन बैंकों को भी पत्र भेज दिए, जिनमें बोर्ड के खाते संचालित हैं। वह भी तब जबकि सत्याल इसके लिए अधिकृत ही नहीं हैं। श्रम मंत्री के अनुसार उन्होंने सचिव को निर्देश दिए हैं कि वह इस संबंध में संबंधित बैंकों को सख्त पत्र लिखें, ताकि श्रमिक हितों के लिए संचालित योजनाओं की राह में दिक्कत न आए।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *