Nirbhik Nazar

सीएम धामी करेंगे तीर्थपुरोहितों को खुश ! देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड का काम रोका, बोले हर विवाद में बीच का रास्ता निकालूंगा

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सारे विवाद का हल होने तक देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड का काम रोका गया है। विवादों के हल के लिए हाईपावर कमेटी का बना दी गई है। यह कमेटी चारधाम से जुड़े सभी हकहकूधारियों, पंडे-पुरोहितों की बातों को सुनेंगी। चारधाम देवस्थानम प्रबंधन कानून से नाराज तीर्थ पुरोहितों के आंदोलन और भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का स्टैंड एकदम साफ है। इस मामले में प्रदेश सरकार ने हाईपावर कमेटी बना दी है। यह कमेटी चारधाम से जुड़े सभी लोगों की बात सुनेगी। उनकी बातें सुनने के बाद वह हल निकालेगी। तब तक देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड की यथास्थिति रहेगी। उस पर रोक लगाई जा रही है।

हर विवाद में बीच का रास्ता निकालूंगा

कर्मकार बोर्ड में श्रम मंत्री और बोर्ड के अध्यक्ष के बीच चल रहे विवाद के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह मुख्य सेवक के रूप में वह हर विवाद का हल निकालेंगे। सभी विवादों में बीच का रास्ता निकालकर समाधान होगा।

केंद्रीय मंत्रियों से बड़ी योजनाओं के धन जारी करने की मांग करुंगा

दिल्ली दौरे से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की कुछ बड़ी योजनाएं हैं, जिनकी शीघ्र स्वीकृति की मांग को लेकर वह केंद्रीय मंत्रियों से मिलेंगे। वह केंद्रीय मंत्रियों से योजनाओं के धनराशि जारी करने का अनुरोध करेंगे।

तीर्थपुरोहितों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

चारधाम देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग को लेकर केदारनाथ में तीर्थपुरोहितों का आंदोलन जारी है। आंदोलनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है। केदार सभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला के नेतृत्व में तीर्थपुरोहित मंदिर परिसर में एकत्रित हुए। वहां नारेबाजी के साथ मांगपूर्ति तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया गया।इसके बाद मंदिर की परिक्रमा कर आंदोलनकारियों ने देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग को लेकर मंदिर मंदिर मार्ग से हेलीपैड तक जुलूस निकाला। इस मौके पर आचार्य संतोष त्रिवेदी, मुकेश बहुगुणा, अंकुर शुक्ला, शुभांशु शुक्ला, दीपनारायण शुक्ला आदि मौजूद थे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *