देहरादून: उत्तराखंड में अक्टूबर के पहले सप्ताह में नवरात्रि के दौरान अन्नोत्सव का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हो रहे इस कार्यक्रम के तहत राज्य की सभी 9230 सरकारी राशन की दुकानों से अंत्योदय व प्राथमिक परिवारों को खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योजना के लाभार्थियों के साथ आनलाइन संवाद भी करेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट काल में केंद्र की प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना आम जन के लिए लाभदायक रही है। इस योजना के प्रति आम नागरिक को जागरूक किया जाना चाहिए। इस योजना के तहत अंत्योदय और प्राथमिक परिवारों के 61 लाख से ज्यादा व्यक्ति लाभान्वित हो रहे हैं। इन सभी राशनकार्डधारकों को मई से नवंबर तक पांच किलो मुफ्त खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है।
मुख्य सचिव डा एसएस संधु ने कहा कि इस कार्यक्रम को खाद्य व नागरिक आपूर्ति विभाग, सूचना व लोक संपर्क विभाग के साथ संस्कृति विभाग संयुक्त रूप से आयोजित करेंगे। आइटीडीए व एनआइसी की इस कार्यक्रम में सहभागिता होगी। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनंद बद्र्धन, सचिव शैलेश बगोली, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव डा पराग मधुकर धकाते, खाद्य सचिव बीएस मनराल, अपर सचिव प्रताप शाह व संयुक्त आयुक्त डा एमएस विसेन मौजूद थे।