पटना: अब मतदाता अपने मोबाइल से पहचान पत्र डाउनलोड कर सकते हैं और फिर उसका प्रिंट निकाल सकते हैं। मतदाताओं को मोबाइल से अपना-अपना पहचान पत्र डाउनलोड कर निकालने की जानकारी देने के लिए बीएलओ मतदाताओं को जानकारी देंगे। उक्त बातें प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमारी श्वेता ने प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभा भवन में शिक्षकों के बैठक सह प्रशिक्षण में कही। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जो दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, उसके अनुसार सभी बीएलओ को अब मोबाइल के सहारे पहचान पत्र डाउनलोड करने की जानकारी मतदाताओं को देना अनिवार्य है। बीडीओ ने कहा कि ऐसा होने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। आने वाले समय में लोग मोबाइल से निर्वाचन से संबंधित अधिकांश कार्य कर सकेंगे। आगे पंचायत चुनाव है और किसी भी दिन अधिसूचना जारी हो सकती है। पंचायत चुनाव को देखते हुए भी सभी बीएलओ को मुस्तैद रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्र पर रहकर मतदाताओं को मोबाइल के सहारे मतदाता पहचान पत्र बनाने की जानकारी देंगे। बैठक में नित्यानंद भार्गव सहित पूरे प्रखंड क्षेत्र के बीएलओ शामिल हुए थे।

पंचायत चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों की बढ़ी सक्रियता
आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का बिगुल अब बजने वाला है। चुनाव को लेकर पंचायतों में हलचल तेज होती जा रही हैं। संभावित उम्मीदवार के चुनावी मैदान में सक्रियता बढ़ती जा रही है। पूर्णिया के बैसा प्रखंड के सभी 16 पंचायतों में विभिन्न पदों के संभावित उम्मीदवारों ने चुनावी दांव पेंच शुरू कर दिये हैं। उम्मीदवारों की सक्रियता से मतदाताओं पर भी चुनावी रंग चढऩे लगा है। वहीं गांवों में भोज का आयोजन भी बढऩे लगा है। अभी चुनाव की तिथि स्पष्ट भी नहीं हुई है कि ग्रामीण इलाकों के समर्थक अपने-अपने नेताओं को पंच, सरपंच, मुखिया, पंचायत सदस्य, जिला परिषद सदस्य आदि नाम से संबोधित करने लगे हैं। छूटभैया नेताओं पर चुनावी रंग भी अब चढऩे लगा है। वह भी चुनावी जमीन तलाशने लगे हैं। जेब में कभी हाथ न डालने वाले नेता जी आज बाजार में दिल खोल कर खर्च करते नजर आ रहे हैं। खासकर जिन क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों ने विकास की जगह मनमानी की है वहां विरोधी जनता से सीधे संपर्क स्थापित कर रहे उन पर हावी होने की कोशिश करने में लगे हैं। संभावित उम्मीदवार और उनके प्रबल समर्थकों के व्यवहार में परिवर्तन नजर आने लगा हैं। वे वोटर और जरूरतमंद लोगों की जरूरत पूरी करने की इच्छा जाहिर करने लगे हैं। वहीं प्रखंड में संभावित प्रत्याशी जाति, आवासीय, चरित्र प्रमाण पत्र आदि बनाने में अभी से जुट गए है। प्रखंड मुख्यालय स्थित बाजार में स्थित फोटोस्टेट, आनलाइन कैफे आदि दुकानों की भी चांदी कटने लगी है।