Nirbhik Nazar

विमान के टायर से गिरे तीन लोग, अपना देश छोड़ने के लिए बैठ गये थे विमान के टायर पर, देखिये वीडियो, पढ़िये पूरी खबर….

न्यूज़ डेस्क: अफगानिस्तान की हुकूमत तालिबान के हाथ में आने के साथ ही यहां की जनता के दिल में जो डर बैठा है उसकी झलक राजधानी काबुल के एयरपोर्ट पर साफ देखी जा सकती है। देश से निकलने के लिए लोग अपनी जान तक जोखिम में डाल दे रहे हैं। ऐसी ही एक घटना सोमवार को काबुल एयरपोर्ट पर हो गई जहां एक विमान में जबरन सवार हुए तीन अफगानिस्तानी नागरिकों की उड़ान भरने पर विमान से गिरने के चलते मौत हो गई।

सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो इस समय खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में उड़ रहे एक विमान से तीन लोग गिरते साफ दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के बारे में कहा जा रहा है कि गिरने वाले तीन लोग वो हैं जो काबुल एयरपोर्ट पर इस विमान के किसी बाहरी हिस्से में छुप कर देश से निकलना चाहते थे। माना जा रहा है कि विमान के उड़ान भरने के बाद वह लोग अधिक समय तक अपना संतुलन नहीं बना पाए होंगे और इस वजह से गिर गए होंगे।

यह अमेरिका का सैन्य विमान सी 17 था। जानकारी के अनुसार ये लोग विमान के टायर के बीच खड़े होकर यात्रा करने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन, विमान जैसे ही हवा में पहुंचा ये लोग एक-एक कर नीचे गिर गए। अभी तक इनकी पहचान नहीं हो पाई है। काबुल में बिगड़ते हालात के बीच लूटमार और गोलियां चलने की घटनाएं भी हो रही हैं। एयरपोर्ट पर हुई गोलीबारी में अभी तक पांच लोगों को मारे जाने की और कई अन्य के घायल होने खबर है।

काबुल एयरपोर्ट पर विमान में सवार होने के लिए भीड़ इस तरह जुट रही है जैसे कोई बस स्टेशन हो या रेलवे स्टेशन का अनारक्षित डब्बा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक और वीडियो में विमान के रनवे पर दौड़ने के साथ उसके पास जुटी लोगों की भीड़ भी दौड़ती दिखाई दे रही है। इसके साथ ही कुछ लोग तो विमान के बाहरी हिस्सों पर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में कोई भी बड़ा हादसा होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।

 

बता दें कि अफगानिस्तान इस समय सत्ता परिवर्तन के महासंकट से जूझ रहा है। यहां की बागडोर तालिबान ने संभाल ली है और पूर्व राष्ट्रपति अशरफ गनी देश छोड़कर जा चुके हैं। इससे पहले रविवार को राजधानी काबुल में तालिबान के दाखिल होने के साथ ही स्थिति बिगड़नी शुरू हो गई थी। तालिबान से डर की वजह से लोगों में देश छोड़ने के लिए जल्दबाजी दिख रही थी और इस वजह से राजधानी काबुल की सड़कों पर भीषण जाम के हालात बन गए थे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *