Nirbhik Nazar

कांग्रेस जहां मजबूत, वहीं जाती है AAP – गणेश गोदियाल

देहरादून: दून दौरे पर आए आप के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कांग्रेस ने निशाने पर लिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि जहां कांग्रेस मजबूत होती है, आम आदमी पार्टी को वहीं भेजा जाता है। मीडिया से बातचीत में गोदियाल ने कहा कि आप का मकसद कांग्रेस के वोट बैंक को प्रभावित करना होता है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत ने इशारों में आप की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किए गए कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल को निशाने पर लिया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दून में अपने संबोधन में मंगलवार को कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल के केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण के दौरान काम करने का जिक्र किया था। हरीश रावत ने कहा कि केदारनाथ में एक व्यक्ति ने नहीं, हजारों व्यक्तियों ने काम किया है। किसी एक व्यक्ति को श्रेय देना बिल्कुल उचित नहीं है। केदारनाथ धाम में काम को लेकर राजनीति करना बेहद निंदनीय है। उन्होंने खुद केदारनाथ धाम से चुनाव इसीलिए नहीं लड़ा कि लोग प्रतिक्रिया देते कि उन्होंने राजनीतिक स्वार्थ के लिए केदारनाथ धाम में काम कराया है।

केजरीवाल का दौरा चुनावी आधार बनाने का प्रयोग

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का उत्तराखंड दौरा सिर्फ चुनावी आधार बनाने का प्रयोग है। उत्तराखंड को आध्यात्मिक राजधानी बनाने का उनका बयान राजनीति के अलावा कुछ नहीं है। उत्तराखंड पूरी दुनिया में देवभूमि के नाम से प्रसिद्ध है। चारों धाम यहां बसते हैं। उन्होंने केजरीवाल से सवाल पूछा कि कर्नल कोठियाल के पास वर्तमान में ऐसी कौन सी शक्ति है, जिससे वह राज्य के युवाओं को आगे ले जाने में समर्थ होंगे। उन्होंने मुफ्त बिजली देने के झूठे वायदे के अलावा किसी भी मुद्दे पर अभी तक ठोस बात नहीं की है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि केजरीवाल की मंशा ऐसी है कि ‘न नौ मन तेल होगा और न ही राधा नाचेगी।’

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *