Nirbhik Nazar

पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने कहा- जल जीवन मिशन में 6.82 लाख परिवारों को मिला जल संयोजन

देहरादून :जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश में 15.18 लाख परिवारों के सापेक्ष अब तक 6.82 लाख परिवारों को पेयजल संयोजन दिए जा चुके हैं। पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने बुधवार को सचिवालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मिशन की समीक्षा बैठक के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में 96 फीसद विद्यालय और 91 फीसद आंगनबाड़ी केंद्रों को पेयजल की सुविधा मुहैया करा दी गई है।

कैबिनेट मंत्री चुफाल के अनुसार समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि मिशन के कार्यों को समयबद्धता, उच्च गुणवत्ता व मानकों के साथ संपादित किया जाए। यह बात भी सामने आई कि कुछ पेयजल योजनाएं ऐसी हैं, जिसमें पानी की उपलब्धता मानकों से कम हैं। ऐसी योजनाओं में डिस्चार्ज बढ़ाने के मद्देनजर प्राथमिकता के आधार पर प्राक्कलन तैयार कर इन्हें स्वीकृत कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।

पेयजल मंत्री ने आगामी दो अक्टूबर तक जिलों में स्थित सभी विद्यालयों, आश्रमों, धर्मशालाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायतघरों समेत सार्वजनिक भवनों को पेयजल सुविधा से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में नाबार्ड से स्वीकृत और लंबे समय से अपूर्ण योजनाओं को पूर्ण किए जाने का ब्योरा भी पेयजल मंत्री के समक्ष रखा गया। बताया गया कि रुद्रप्रयाग जिले में जवाड़ी-रौठिया ग्राम समूह पेयजल योजना वर्ष 2012 से लंबित थी। योजना में 18 गांवों की 52 बस्तियां शामिल हैं और 10276 आबादी को लाभान्वित किया जाना है। वर्तमान में योजना से नौ गांवों की 24 बस्तियों के 850 परिवारों को पेयजल मुहैया कराया जा चुका है।

यह भी जानकारी दी गई कि पौड़ी जिले में कल्जीखाल ब्लाक की डांडा नागराजा पंपिंग पेयजल योजना से वर्तमान में 70 गांवों को जलापूर्ति की जा रही है। दो गांवों में सड़क निर्माण के कारण क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को दुरुस्त कराया जा रहा है। इसी तरह टिहरी जिले में अकरी बारजूला ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना 18 जून को आई बाढ़ के कारण अत्यधिक सिल्ट जमा होने से बंद हो गई थी। इसके लिए वैकल्पिक स्रोत से व्यवस्था की गई और आज योजना से संबद्ध सभी गांवों को पानी मिल रहा है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *