देहरादून: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार को निधन हो गया। इसके मद्देनजर उत्तराखंड में आज रविवार को एक दिन का राजकीय शोक रखा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर राज्य में आज दिनांक 22 अगस्त को एक दिन का राजकीय शोक रखा जाएगा।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार को लखनऊ के संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया। वो बीते चार जुलाई से अस्पताल में भर्ती थे। डॉक्टरों ने बताया कि सेप्सिस और मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण उनका निधन हुआ है। वह 89 वर्ष के थे।

कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और अन्य दिग्गज नेता लखनऊ स्थिति आवास पर पहुंचे। यहां अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को रखा गया है।
Uttarakhand Government declares a one-day state mourning today, following the demise of former Uttar Pradesh CM Kalyan Singh. Then national flag will be flown at half-mast.
(File photo) pic.twitter.com/2QGBYaeWLF
— ANI (@ANI) August 22, 2021
रविवार को अंतिम दर्शन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक जिले अलीगढ़ ले जाया जाएगा। यहां 23 अगस्त को अतरौली के नरौरा में गंगा तट के किनारे अंतिम संस्कार किया जाएगा। कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ है। केशव प्रसाद मौर्य, महेंद्र सिंह, आशुतोष टंडन समेत कई नेता वहां मौजूद हैं।