Nirbhik Nazar

तेज प्रताप यादव ने पहली बार सीधे तेजस्‍वी पर उठाए सवाल, पूछा- दिल्‍ली में बन रहा है किसका मॉल

पटना: राजद नेतृत्व की सख्त चेतावनी के बाद पूर्व मंत्री तेज प्रताप सुधरने के बदले और आक्रामक हो गए हैं। उन्होंने विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोलते हुए उनकी दिल्ली यात्रा को गैर-जरूरी बताया। उनके मुताबिक राज्य की जनता बाढ़ में डूब रही है। सरकार बचाव कर रही है। तेजस्वी बाढ़ पीड़‍ितों की सेवा करने के बदले सैर के लिए दिल्ली चले गए हैं। उधर राजद नेतृत्व भी तेज प्रताप को बहकने का मौका दे रहा है, ताकि जब आनुशासनिक कार्रवाई हो तो उन्हें किसी की सहानुभूति न मिले।

पहली बार तेजस्‍वी यादव पर उठाए सवाल

इससे पहले तेज प्रताप राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी और तेजस्वी यादव के सलाहकार संजय यादव पर ही हमला करते रहे हैं। पहली बार तेजस्वी अपने बड़े भाई तेज प्रताप के फायरिंग रेंज में आए। हालांकि, बाढ़ में न रहने के लिए तेजस्वी की आलोचना करने में भी उन्होंने संजय यादव को नहीं बख्शा। बोले कि संजय यादव ही तेजस्वी को लेकर दिल्ली गए हैं। संजय चाहते हैं कि तेजस्वी मुख्यमंत्री न बनें।

तेज प्रताप ने कहा कि संजय यादव ने शुक्रवार को मुझे भाई से मिलने से रोका। किसी माई के लाल में इतनी ताकत नहीं है कि वह तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनने से रोक दे। उन्होंने दोहराया कि शिशुपाल और दुर्योधन जैसे पात्रों से तेजस्वी घिरे हुए हैं। ये नहीं चाहते कि तेजस्वी मुख्यमंत्री बनें। हम श्रीकृष्ण की भूमिका में रहेंगे। तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाएंगे।

दिल्ली में आखिर किसका बन रहा मॉल

तेज प्रताप ने संजय यादव पर इशारे में धन-अर्जन का भी आरोप लगाया। कहा कि दिल्ली में हरियाणा वाले का माल बन रहा है। मीडिया से आग्रह किया कि वह पता लगाए। दिल्ली में किस हरियाणा वाले का माल बन रहा है। उन्होंने कहा कि हम किसी का नाम नहीं ले रहे हैं। आप लोग पता लगाइए।

सुप्रीमो खुद रख रहे हैं नजर

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद खुद तेज प्रताप की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। तेजस्वी यादव शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे। सबसे पहले लालू प्रसाद से ही मिलने गए। परिवार के अन्य सदस्यों के बीच भी सहमति बन गई है कि तेज प्रताप के रवैये में बदलाव नहीं आया तो पार्टी सख्त कार्रवाई करे। इसके तहत पहली कार्रवाई निलंबन की हो सकती है। वैसे, रविवार को रक्षाबंधन के मौके पर तेजस्वी दिल्ली में मौजूद अपनी बहनों से राखी बंधवाएंगे। तेज प्रताप भी दिल्ली में रहेंगे। पारिवारिक माहौल में तेजप्रताप को समझाने का प्रयास किया जाएगा, क्योंकि सब मान रहे हैं कि तेज प्रताप की हरकतें तेजस्वी के रास्ते में बाधा बन रही हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *