Nirbhik Nazar

उत्तराखंड मे बीजेपी विधायक के सामने पार्टी के नेता की पिटाई करने वाले इंस्पेक्टर को प्रमोशन !

हरिद्वार: जनपद के मंगलौर कोतवाली में बीजेपी विधायक के सामने पार्टी के नेता की पिटाई मामले पर पुलिस मुख्यालय ने संज्ञान तो ले लिया है लेकिन इंस्पेक्टर को सजा देने के बजाय प्रमोशन दे दिया गया है. बीजेपी नेता की पिटाई करने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हुए हैं. आख़िरकार इंस्पेक्टर को अभद्रता करने पर सजा मिलने की बजाय कोतवाली से हटाकर रुड़की कोतवाली प्रभारी बना दिया गया है. इस मामले में पुलिस मुख्यालय की तरफ से जांच के आदेश देते हुए फिलहाल विवादित कोतवाली प्रभारी यशपाल बिष्ट का तबादला कर दिया गया है. हरिद्वार में बीजेपी विधायक के सामने पिछले दिनों पुलिस कर्मी ने बीजेपी के नेता की जमकर पिटाई मामले पर पुलिस ने जांच के आदेश दे दिए हैं.

बता दें कि मंगलौर कोतवाली में बीजेपी नेता की पिटाई का मामला सामने आया था. बताया गया कि इस दौरान बीजेपी के विधायक भी कोतवाली में ही मौजूद थे. खास बात यह है कि बीजेपी नेता की पिटाई पर पार्टी नेताओं ने नाराजगी भी जाहिर की और यह मामला मुख्यमंत्री दरबार तक भी पहुंचा, लेकिन पहले भी कई मामलों में विवादित रहे अधिकारी यशपाल बिष्ट के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की गई. हालांकि काफी दबाव के बाद अब इस मामले की जांच की जा रही है. उधर यशपाल बिष्ट का रुड़की में तबादला कर दिया गया है.

खास बात यह है कि इस मामले के सामने आने के बाद माना जा रहा था कि कोतवाली प्रभारी के खिलाफ सीधी कार्रवाई की जा सकती है या उनका तबादला किसी दूरस्थ क्षेत्र में किया जा सकता है. वहीं इनमें से कुछ भी नहीं हुआ और फिलहाल जांच पर ही इस पूरे प्रकरण को छोड़ दिया गया है. हालांकि अब देखना होगा कि इस मामले में क्या पिटाई करने वाले पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई की जाती है या फिर इस प्रकरण को ऐसे ही रफा-दफा कर दिया जाता है. हालांकि इस प्रकरण में प्रभारी कोतवाली की तरफ से भी बीजेपी नेता पर गलत व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *