Nirbhik Nazar

ऐसी सादगी कहीं देखी है ? टिकट खरीदकर स्मार्ट सिटी की बस में शहर का जायजा लेने निकले डीएम, यात्रियों के लिए छोड़ दी सीट…

देहरादून: जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने बुधवार सुबह स्मार्ट सिटी की इलेक्ट्रिक बस में सफर कर शहर का जायजा लिया। इस सफर के दौरान जिलाधिकारी ने अपना और अपने साथ चलने वाले लोगों का टिकट भी खरीदा। उन्होंने बस में सीटें भर जाने के कारण अपनी सीट सवारियों के लिए छोड़ते हुए खड़े होकर सफर किया। जिलाधिकारी आईएसबीटी से बस में सवार हुए और सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक होते हुए तहसील चौक तक पहुंचे।

पहले जिलाधिकारी का राजपुर तक जाने का कार्यक्रम था, हालांकि बाद में वे तहसील चौक पर ही उतर गए। इस दौरान उन्होंने बस में सवारियों से बातचीत की और यात्रा के उनके अनुभवों को लेकर जानकारी मांगी। साथ ही अधिक सुधार एवं बेहतर व्यवस्थाएं बनाए जाने के लिए उनके सुझाव भी लिए। बस में सफर कर रहे यात्रियों ने उन्हें स्मार्ट सिटी लिमिटेड की बस सेवा को बेहतर बताया और जिले में अन्य रूट पर भी बस सेवाएं प्रांरभ करने का सुझाव दिया।


इस दौरान उन्होंने बस में सफर कर रहे यात्रियों के टिकट भुगतान के लिए मैन्यूअल व्यवस्था के साथ ही क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन व्यवस्था बनाने, एनाउंसमेंट सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने साथ चल रहे स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस में सुनिश्चित किया जाए कि सभी यात्री मास्क लगाएं।

कहा कि बस में सफर के दौरान कोविड नियमों का पालन करना जरूरी है। उन्होंने स्मार्ट सिटी की बसों में राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का स्क्रीन के माध्यम से प्रचार-प्रसार किए जाने के भी निर्देश दिए। कहा कि बस में महिला एवं वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों के लिए कुछ सीटें आरक्षित की जाएं।

वहीं, उन्होंने आईएसबीटी में ट्रैफिक सिग्नल और यातायात नियंत्रण व सुरक्षा के लिए स्मार्ट सिटी की ओर से लगाए गए सीसीटीवी कैमरे भी देखे, जिनका नियंत्रण आईटी पार्क स्थित स्मार्ट सिटी के कंट्रोल रूम से हो रहा है। उन्होंने स्मार्ट सिटी द्वारा चलाई जा रही इलेक्ट्रिक बसों को डबल डेकर के रूप में उतारने तथा आवागमन में यात्रियों को और अधिक सुगम यातायात दिए जाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

साथ ही आईएसबीटी में अत्यधिक वाहनों के यातायात के दबाव के दृष्टिगत यातायात सिग्नल को और अधिक सुदृढ़ करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आईएसबीटी पर आवागमन करने वाले पैदल यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसका पूरा ध्यान रखा जाए। इस दौरान स्मार्ट सिटी परियोजना लिमिटेड के वित्त नियंत्रक अभिषेक आनंद, एजीएम जेएस चैहान समेत अन्य अधिकारी भी उनके साथ रहे। वहीं, जम्मू कश्मीर एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस के 29 अधिकारियों ने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के साथ मुलाकात की। उन्होंने शासन द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों को लेकर बातचीत की। सीईओ डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें स्मार्ट सिटी की कार्य योजना और उसके तहत किए जा रहे कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *