पटना: बिहार सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा है कि अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर एवं स्वच्छ वातावरण बनाकर ही प्रदूषण से निजात पाया जा सकता है। मंत्री ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक को बैन कर दिया गया है जो कि आगामी दिसंबर महीने से बिहार में पूरी सख्ती से लागू कर दिया जाएगा। वे आज गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, जमुहार के परिसर में नारायण कृषि विज्ञान संस्थान एवं सूचना प्रौद्योगिकी संकाय में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कृषि विज्ञान संस्थान के छात्रों को पौधा उपहार स्वरूप भेंट किया तथा स्वयं भी परिसर में वृक्षारोपण किया। उन्होंने छात्रों का आह्वान किया कि वे वृक्ष लगाएं एवं उनके संरक्षण का संकल्प लें। उनके साथ विधान पार्षद श्रीमती नूतन सिंह भी उपस्थित थी।

अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का किया उद्घाटन
मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने विश्वविद्यालय के सूचना प्रौद्योगिकी संकाय द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का उद्घाटन किया। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के तत्वावधान में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी इमर्जिंग ट्रेंड्स ऑफ टेक्नोलॉजी इन कम्प्यूटेशनल एंड सोशलिस्ट एरा विषय पर चल रहा है। आज उद्घाटन कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ एम एल वर्मा, संस्थान के सचिव गोविंद नारायण सिंह, प्रबंध निदेशक विक्रम नारायण सिंह, मोनिका सिंह ने भी संबोधित किया।
कुलपति डॉ एम एल वर्मा ने स्वागत भाषण किया जबकि आयोजन में विभाग की अध्यक्ष डॉ इप्सिता नंदा ने अध्यक्षीय भाषण किया । अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में देश विदेश के सूचना प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ शिरकत कर रहे हैं। इस अवसर पर संस्थान के डीन डॉ यू पी सिंह, वरीय शिक्षक डॉ संदीप मौर्या, डॉ होरो, विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ आर एस जायसवाल, परीक्षा नियंत्रक डॉ कुमार आलोक प्रताप, नारायण नर्सिंग कॉलेज के उप प्राचार्य नितेश कुमार, फार्मेसी कॉलेज के प्राचार्य डॉ समरेश दत्त, विकर्षक भुवनेश्वर दत्त त्रिपाठी एवं विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।