Nirbhik Nazar

केंद्र सरकार के बाद उत्तराखंड – उत्तरप्रदेश सहित इन राज्यों ने भी सस्ता किया पेट्रोल-डीज़ल, लागू हुई नई क़ीमतें

नई दिल्ली: पेट्रोल-डीज़ल के बढ़ते दामों से त्रस्त आम जनता को केंद्र सरकार ने दिवाली का शानदार तोहफा दिया है. केंद्र की मोदी सरकार ने पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 5 रुपये और डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर घटा दी. यह फैसला गुरुवार (04 नवंबर) यानी आज दिवाली के दिन से प्रभावी हो गया है. केंद्र सरकार द्वारा इस बड़ी राहत के ऐलान के तुरंत बाद कई राज्यों ने भी पेट्रोल डीज़ल पर वैट घटाने का सिलसिला शुरू कर दिया. कर्नाटक, गोवा, असम और त्रिपुरा ने पेट्रोल और डीजल पर वैट (VAT) में 7-7 रुपये की कटौती की जिसके बाद अब यहां पेट्रोल 12 रुपये और डीजल 17 रुपये प्रति लीटर सस्ता हो गया है.

यूपी और बिहार में सस्ता हुआ पेट्रोल-डीज़ल

केंद्र की राह पर चलते हुए चुनावी राज्य उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार ने पेट्रोल पर वैट 7 रुपये और डीजल पर 2 रुपये वैट घटाया है, जिसके बाद यूपी में दोनों उत्पाद 12 रुपये प्रति लीटर सस्ते हुए हैं. दिवाली पर बिहार सरकार ने भी पेट्रोल पर वैट में 1.30 रुपये और डीजल पर 1.90 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है. हिमाचल प्रदेश में सरकार ने इन दोनों उत्पादों पर जल्द वैट घटाने की बात कही है.

उत्तराखंड और गुजरात में भी तेल सस्ता

दिवाली के इस मौक़े पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पेट्रोल पर वैट में 2 रुपये कम करने का ऐलान किया है. साथ ही मणिपुर ने भी राज्य की जनता को दिवाली के तोहफे के तौर पर पेट्रोल व डीजल की कीमतों में राहत देने की घोषणा की है. गुजरात के CMO की ओर से जानकारी दी गई है कि गुजरात में तत्काल प्रभाव से पेट्रोल व डीजल की कीमतों में 7 रुपये प्रति लीटर की कमी कर दी जाएगी.

असम और त्रिपुरा में भी दामों में कटौती

असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा ने ट्वीट कर केंद्र सरकार के इस फैसले की सराहना करते हुए असम में भी पेट्रोल व डीजल पर वैट में कमी की घोषणा की है. इस ट्वीट में हेमंत बिस्वा शर्मा ने निर्मला सीतारमण को भी टैग किया है. त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब (Biplab Kumar Deb) ने दिवाली के दिन राज्य में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 7 रुपये की कमी करने का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री ने ट्वीट में लिखा, ‘माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की अगुवाई में केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल व डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने के फैसले का अनुसरण करते हुए त्रिपुरा सरकार ने भी कल से पेट्रोल व डीजल की कीमतों में 7 रुपये की कमी करने का निर्णय लिया है.

गोवा, मणिपुर में दाम हुए कम

तेल की बढ़ती क़ीमतों के बीच गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि गोवा सरकार पेट्रोल पर 7 रुपये और डीजल पर 7 रुपये की कमी कर रही है ऐसे में डीजल अब 17 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल अब 12 रुपये प्रति लीटर सस्ता हो जाएगा. मणिपुर सरकार ने भी जनता के लिए तत्काल प्रभाव से पेट्रोल व डीजल की कीमतों में 7 रुपये कम कर दिए हैं. प्रदेश के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने यह जानकारी दी है. इस मौक़े पर बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘बिहार में पेट्रोल पर लगने वाले वैट में 1.30 रुपये और डीजल पर 1.90 रुपये की कमी करने का फैसला लिया गया है। इसके बाद राज्य में पेट्रोल की कीमत में 6.30 रुपये की कमी आएगी वहीं डीजल 11.90 रुपये सस्ता हो जाएगा.’

पेट्रोलियम मंत्री की अपील

आपको बता दें कि पेट्रोल डीजल पर एक्साइज ड्यूटी को कम करने के केंद्र सरकार के फैसले का देश के पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने समर्थन किया और ट्वीट कर कहा, ‘मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती करने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं. यह उन लोगों के लिए बड़ी राहत है जो ईंधन का इस्तेमाल करते हैं. रबी सीजन की खेती से ठीक पहले यह हमारे किसानों के लिए भी एक तोहफे की तरह है. अब राज्य सरकारों को भी इंधन पर वैट की दरों में कमी करके त्योहारी सीजन में लोगों की मदद करने की कोशिश करनी चाहिए.’

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *