Nirbhik Nazar

बढ़ती महंगाई पर मुखर हुई कांग्रेस, उत्तराखंड मे पेट्रोल पंप के बाहर किया विरोध

देहरादून: उत्तराखंड में कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई को लेकर हल्ला बोला। प्रदेशभर में काग्रेसियों ने पेट्रोल पंप के बाहर विरोध किया। राजधानी देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने भाजपा सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में महंगाई चरम पर है। पेट्रोल-डीजल, गैस, खाने का तेल, खाद्य पदार्थों के दामों में लगातार इजाफा हो रहा है, लेकिन सरकार इस पर अंकुश नही लगा पा रही है। ये भाजपा सरकार की विफलता को दर्शाता है। कांग्रेस ने राजपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा और पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि भाजपा सरकार ने निरंतर पेट्रोल डीजल के दामों में वृद्धि की है और अब दामों में चंद रुपयों की राहत देकर आम जनता को बेवकूफ बनाने का काम किया जा रहा है। यह ऊंट के मुंह में जीरा बराबर है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले से ही बेरोजगारी दर बढ़ने से जनता परेशानी में है, लेकिन सरकार बेरोजगारी को कैसे कम किया जाए इस पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। इसके विपरीत महंगाई बढ़ाकर आम जनता की समस्याओं को बढ़ाने का काम कर रही है। पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासनकाल में सब कुछ बहुत सस्ता हुआ करता था, लेकिन आज बीजेपी की सरकार में सभी चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं और इसी के साथ ही भ्रष्टाचार और कालाबाजारी भी दिनोंदिन बढ़ रही है।

उन्होंने ये भी कहा कि महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। किसान, व्यापारी वर्ग भी आज परेशान है। इसके अलावा प्रदेश हड़ताली प्रदेश बनकर रह गया है। कर्मचारियों की समस्याएं जस की तस बनी हैं। अगर भाजपा सरकार इसी तरह जनता को परेशान करती रहेगी तो हमें सरकार का घेराव और धरना प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता शामिल हुए।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *