Nirbhik Nazar

सत्ता में आई पार्टी तो अगले पांच साल बेरोजगारी और पलायन रोकने पर होगा फोकस – कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

देहरादून: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि 21 साल पहले उत्तराखंड के साथ दो और राज्यों का गठन हुआ था। पर, अगर तुलनात्मक दृष्टि से देखें तो उत्तराखंड तीनों राज्यों में हर लिहाज से आगे नजर आता है। उन्होंने कहा कि विपक्षी सरकारों ने राज्य के विकास में शिथिलता बरती, जिसके परिणाम स्वरूप आज बेरोजगारी और पलायन की समस्या बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रदेश में सरकार बनाएगी और आने वाले पांच साल बेरोजगारी और पलायन को रोकने के लिए समर्पित करेगी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल राज्यव्यापी पदयात्रा के तहत मंगलवार को ऋषिकेश पहुंचे। यहां रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य स्थापना की वर्षगांठ पर उन्होंने आंदोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह पदयात्रा प्रदेश के नागरिकों के बीच जाकर राज्य के उन शहीद आंदोलनकारियों को याद करने के लिए है, जिनके बलिदान से आज हम पृथक उत्तराखंड का सपना साकार हो पाया है।

गोदियाल ने कहा कि 21 वर्षों के इस सफर में उत्तराखंड ने बहुत कुछ हासिल किया है। कांग्रेस के शासनकाल में प्रदेश में 90 प्रतिशत सरकारी सेवायोजन हुए हैं। नौजवानों को रोजगार देने और पलायन रोकने के लिए सिडकुल की स्थापना कांग्रेस के शासनकाल में हुई। उन्होंने कहा कि विपक्ष की सरकारों ने प्रदेश में विकास की गति को बाधित करने का काम किया। मगर, आने वाला वक्त कांग्रेसका है। कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। आने वाले पांच वर्ष प्रदेश के विकास के लिए समर्पित होंगे, जिसमें खास तौर पर रोजगार सृजन और पलायन को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उनका ये भी कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अपने कार्यकाल में उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को पहचान दिलाने और इसके जरिए रोजगार सृजित करने का काम किया।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है। हमारा होमवर्क पूरा हो चुका है। चुनाव आयोग जिस दिन चाहे चुनाव की घोषणा करें, कांग्रेस पूरी तरह से चुनाव मैदान में उतरने को तैयार है। कांग्रेस पार्टी से टिकट के लिए पार्टी के अलावा विपक्ष से भी दावेदार तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर इस चुनाव को लड़ेगी और बड़ी जीत दर्ज करेगी। इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय, पूर्व काबीना मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, प्रदेश महामंत्री राजपाल खरोला, एआइसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, ललित मोहन मिश्रा, विजयपाल रावत, मनोज गुसाईं, सोनू पांडे, मधु जोशी आदि मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *