देहरादून: विधानसभा चुनाव में जीत का संकल्प लेने के लिए सभी 70 विधानसभाओं में विजय संकल्प यात्रा निकालेगी। ये यात्राएं दिसंबर महीने में शुरू होंगी। इससे पहले पार्टी 20 से 30 नवंबर को प्रदेश व जिला कार्यसमितियों की बैठक करेगी। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की अध्यक्षता में हुई टोली कमेटी की बैठक में पार्टी ने अपने भावी चुनावी कार्यक्रमों पर मुहर लगाई।
शुक्रवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय में आयोजित इस बैठक में पार्टी के चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी, संगठन प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, राजेंद्र भंडारी, सुरेश भट्ट समेत प्रमुख नेताओं ने भाग लिया। बैठक में दिसंबर महीने तक बनाए गए चुनावी कार्यक्रमों पर सहमति जताई गई।

शहीद सम्मान यात्रा का शुभारंभ कर सकते हैं नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 15 नवंबर से शुरू हो रही शहीद सम्मान यात्रा का शुभारंभ कर सकते हैं। पार्टी प्रयास कर रही है कि उत्तराखंड प्रवास पर आ रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष से चमोली के सवाड़ से शुरू होने वाली यात्रा का शुभारंभ कराया जाए। इसके बाद नड्डा कुमाऊं मंडल के अल्मोड़ा और रुद्रपुर में कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसकी कार्ययोजना पार्टी ने तैयार कर ली है।
पार्टी ने तय किए ये चुनावी कार्यक्रम
-20 से 30 नवंबर को प्रदेश व जिला कार्यसमितियों की बैठक
-एक दिसंबर से 12 दिसंबर तक मंडल कार्यसमितियों की बैठक
-15 से 20 दिसंबर के मध्य विधानसभाओं में सम्मेलन
-दिसंबर महीने में घोषणा पत्र के लिए सुझाव मांगने को रथ यात्रा
-15 से जनवरी माह तक नुक्कड़ सभाएं होंगी
-एक दिसंबर से सभी 70 विधानसभाओं में विजय संकल्प यात्रा
चुनाव अभियान के लिए भाजपा ने फूंकी जान
विधानसभा चुनाव के अभियान के लिए भाजपा ने अब पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव प्रबंधन समिति पर अब पार्टी के चुनावी समर का पूरा दारोमदार होगा। प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने समिति के सदस्यों को अपने-अपने मोर्चों पर पूरी क्षमता के साथ डट जाने का आह्वान किया। चुनाव प्रबंधन समिति के 33 विभाग अपने-अपने मोर्चों पर चुनावी रणनीति बनाने के अभियान में जुटेंगे।
विभागों के प्रभारी, संयोजक व सह संयोजक सप्ताह में दो दिन पार्टी कार्यालय में आकर रणनीति बनाएंगे। 24, 25 व 26 नवंबर को प्रदेश प्रभारी जोशी, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इन विभागों की चुनावी कार्ययोजना पर मंथन करेंगे और उनके मार्गदर्शन में भावी रणनीति तय होगी।
चुनाव प्रबंधन समिति अनुभवी लोगों की टीम है। इस टीम के माध्यम से पार्टी विधानसभा चुनाव के लक्ष्य की ओर बढ़ेगी। 24 से 26 नवंबर को प्रबंधन समिति के साथ बैठकें होंगी, जिनमें केंद्रीय नेताओं के मार्गदर्शन से आगे रणनीति बनाएगी जाएगी।
– मदन कौशिक, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
चुनाव प्रबंधन कमेटी में चुनाव कार्यालय, न्यायिक मामले, बूथ, घोषणा पत्र, पड़ोसी राज्यों से संपर्क, महिला कार्य, चार्जशीट विभाग समेत 33 विभागों के संयोजकों व सह संयोजकों ने बैठक में भाग लिया।