Nirbhik Nazar

सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी उत्तराखंड मे कांग्रेस – प्रभारी देवेंद्र

देहरादून: कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने एक बार फिर दोहराया कि उत्तराखंड में 2022 का विधानसभा चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़ा जाएगा। चुनाव में मुख्यमंत्री पद के लिए चेहरा घोषित नहीं किया जाएगा। अलबत्ता, जीत के बाद विधायकों की सलाह से मुख्यमंत्री का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में गए कांग्रेस के बागियों के लिए पार्टी के दरवाजे बंद नहीं हैं।

प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत पार्टी नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में चुनाव रणनीति पर मंथन किया गया। बाद में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगला चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लडऩे जा रही है। चुनाव के समय पार्टी का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का होता है। प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष के रूप में पार्टी के पास हरीश रावत हैं। सभी चुनाव में साथ लड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा के पास एक ही चेहरा है, जबकि कांग्रेस के पास कई चेहरे हैं। सभी चेहरे सामने हैं। हमारे पास बड़ों का आशीर्वाद है तो युवाओं का साथ भी है। कैबिनेट मंत्री डा हरक सिंह रावत समेत भाजपा में गए कांग्रेस के बागियों की वापसी के संबंध में उन्होंने कहा कि वह किसी का नाम नहीं लेना चाहते हैं। बहुत सारे व्यक्ति कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। कांग्रेस सोच-समझकर ही किसी को शामिल करेगी। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी के दरवाजे किसी के लिए बंद नहीं है। शामिल करने के बारे में फैसला व्यक्ति की क्षमता को देखकर किया जाएगा। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने दावा किया कि पार्टी प्रदेश में 50 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ ही आम आदमी पार्टी के आगामी चुनाव में प्रभाव को उन्होंने नकार दिया।

उधर, सोमवार को प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव से बीजापुर स्थित अतिथिगृह में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने भी मुलाकात की। प्रभारी से मुलाकात करने वालों में उपनेता प्रतिपक्ष करन माहरा, प्रदेश महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी, कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, महामंत्री नवीन जोशी, प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी व सीताराम नौटियाल शामिल थे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *