Nirbhik Nazar

कांग्रेस का फैसला:  सर्वे के आधार पर तय होंगे टिकट, युवा और महिलाओं को दी जाएगी प्राथमिकता, सामूहिक नेतृत्व पर होगा चुनाव

देहरादून: विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के चेहरे को लेकर स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अविनाश पांडे ने साफ किया कि चुनाव सामूहिक नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। कांग्रेस में चेहरे की परंपरा नहीं रही है। स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अविनाश पांडे ने कहा कि चुनाव में चेहरे को लेकर कांग्रेस की स्थिति पूरी तरह साफ है। कांग्रेस में चुनावी चेहरे को लेकर लंबे समय से घमासान मचा हुआ है। पूर्व सीएम हरीश रावत जहां चेहरा घोषित करने को लेकर दबाव बनाए हुए थे। वहीं  नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह सामूहिक नेतृत्व पर ही चुनाव लड़ने की वकालत करते रहे हैं।  इससे पहले प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव भी सामूहिक नेतृत्व की बात कर चुके हैं। अब लगभग तय है कि चुनाव में कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व में ही चुनाव में  जाएगी।

युवा और महिलाओं को टिकट में प्राथमिकता: कांग्रेस टिकट वितरण में युवा और महिलाओं को भी प्राथमिकता देगी।  कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अविनाश पांडे ने कहा कि पार्टी युवाओं को आगे बढ़ाएगी। टिकट वितरण के दौरान देखा जाएगा कि यदि कोई युवा और महिला दावेदार मजबूत प्रत्याशी के रूप में सामने आ रहा है, तो उन्हें मौका दिया जाएगा। पार्टी युवाओं को चुनाव में आगे बढ़ाएगी। 

सर्वे रिपोर्ट के आधार पर तय होंगे टिकट

कांग्रेस में टिकट तय किए जाने से पहले सर्वे रिपोर्ट को आधार बनाया जाएगा। दावेदारों को दोहरे सर्वे से गुजरना होगा। पार्टी सर्वे के साथ ही प्राइवेट सर्वे की रिपोर्ट को आधार बना कर आकलन किया जाएगा। सीटिंग और मजबूत पूर्व विधायकों के टिकट पक्के माने जा रहे हैं। स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अविनाश पांडे ने बताया कि पार्टी की ओर से सर्वे कराया जा रहा है। इसके साथ ही प्राइवेट सर्वे भी हो रहा है। सर्वे में प्रत्याशियों के साथ ही स्थानीय मुद्दों की भी पहचान की जा रही है। दावेदारों को लेकर पार्टी सर्वे रिपोर्ट पर गंभीरता से विचार करेगी। मौजूदा विधायकों और पूर्व विधायकों को टिकट दिए जाने के सवाल पर अध्यक्ष पांडे ने कहा कि जिन लोगों ने साढ़े चार साल बेहतर काम किया है। उनके टिकट पर कोई शंका नहीं है। यही स्थिति पूर्व विधायकों को लेकर रहेगी। जिन पूर्व विधायकों ने बेहतर काम किया है, उन्हें टिकट मिलेगा। जिन कार्यकर्ताओं ने जमीनी तौर पर संघर्ष किया है, वे भी टिकट की दौड़ में मजबूती के साथ रहेंगे।

समय पर आवंटित किए जाएंगे टिकट

कांग्रेस इस बार टिकट समय पर आवंटित करेगी। ताकि प्रत्याशियों को चुनाव में उतरने का पूरा समय मिले। चुनाव तैयारी को लेकर प्रत्याशी को जनता के बीच जाने का  पूरा समय मिलेगा। स्क्रीनिंग समिति की बैठक में अधिकतर लोगों ने टिकट समय पर आवंटित किए जाने पर जोर दिया। साफ किया कि टिकट समय पर न मिलने से प्रत्याशियों को ऐन मौके पर दिक्कत होती है। जनता के बीच पहुंचने में समय लगता है। स्क्रीनिंग समिति के अध्यक्ष अविनाश पांडे ने बताया कि इस बार टिकट वितरण समय पर होंगे। ताकि प्रत्याशियों को तैयारी के लिए पूरा मौका मिल सके।

पर्यवेक्षक दस दिसंबर को देंगे अपनी रिपोर्ट

चुनाव प्रत्याशियों को लेकर दस दिसंबर पर्यवेक्षक अपनी रिपोर्ट देंगे। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर दावेदारों की रिपोर्ट तैयार होगी। जिस पर स्क्रीनिंग समिति मंथन करेगी। सभी विधानसभावार पर्यवेक्षक अपनी रिपोर्ट देंगे। पर्यवेक्षक स्थानीय स्तर पर दावेदारों की तैयारी को परख कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेंगे।

एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान

स्क्रीनिंग समिति की बैठक में सभी से एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया गया। सभी अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारियों को कसा गया। चुनाव के दौरान पार्टी को एकजुट रखने पर जोर दिया गया।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *