Nirbhik Nazar

पाइप लाईन से से पहाड़ पर चढ़ेगी गैस ! कंधे पर सिलेंडर के बोझ से मुक्त होंगे उत्तराखंड के निवासी, पढ़िये पूरी खबर…

देहरादून: उत्तराखंड के नौ जिलों में रसोई गैस पाइप लाइन के जरिए पहाड़ चढ़ेगी। आने वाले समय में इन जिलों के लोगों को कंधे पर रखकर गैस सिलिंडर लाने-ले जाने से मुक्ति मिल जाएगी। इसके लिए पीएनजीआरबी (पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड) ने इन जिलों में गैस पाइप लाइन बिछाने का निर्णय लिया है। बुधवार को विकासनगर-चकराता रोड स्थित एक होटल में 11वें सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) बिडिंग राउंड रोड शो आयोजित किया गया। इसमें पीएनजीआरबी ने उत्तराखंड और भारत में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर में अवसरों, उत्तराखंड और भारत के गैस बुनियादी ढांचे के साथ-साथ प्रमुख नीतियों पर प्रकाश डाला।


पीएजीआरबी के सदस्य गजेंद्र सिंह ने कहा कि उत्तराखंड के नौ जिलों पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा, चमोली और बागेश्वर में सिटी गैस वितरण योजना के तहत गैस पाइप लाइन बिछाए जाने का निर्णय लिया गया है।  इस योजना से इन जिलों के कुल 3895669 आबादी को लाभ मिलेगा। बताया कि इस योजना के बाद उत्तराखंड के सौ प्रतिशत क्षेत्र और सौ प्रतिशत आबादी को सिटी गैस वितरण नेटवर्क के तहत कवर किया जाएगा।

आबादी के आधार पर होगा काम 

गजेंद्र सिंह ने बताया कि गैस पाइप लाइन बिछाने का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। जिस जिलें में सबसे ज्यादा आबादी है पहले उसे कवर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चरणबद्ध तरीके से सभी जिलों में गैस पाइप लाइन बिछाई जाएगी।

इन पहाड़ी जिलों में बिछेगी गैस पाइप लाइन 

– पौड़ी गढ़वाल
– उत्तरकाशी
– रुद्रप्रयाग
– टिहरी गढ़वाल
– पिथौरागढ़
– चंपावत
– अल्मोड़ा
– चमोली
– बागेश्वर

इन जिलों मे चल रहा काम 
गेल गैस लिमिटेड के सीईओ रमन चड्ढा ने बताया कि उत्तराखंड के चार जिलों ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून और नैनीताल में पहले से गैस पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। जल्द ही यहां के लोगों को पाइप लाइन के जरिए घर तक गैस उपलब्ध होनी शुरू हो जाएगी। योजना के तहत हरिद्वार में गैस पाइप लाइन के माध्यम से लोगों के किचन तक गैस पहुंच रही है। अगले साल मार्च तक देहरादून में भी करीब 16 हजार उपभोक्ताओं को सिटी गैस वितरण के तहत पाइप से गैस उपलब्ध कराना शुरू कर दिया जाएगा।

मार्च 2022 तक 16 हजार घरों तक पाइप लाइन से पहुंचनी शुरू हो जाएगी पीएनजी गैस

दूनवासियों के लिए अच्छी खबर है। अगले साल मार्च 2022 तक करीब 16 हजार घरों तक पाइप लाइन से पीएनजी गैस की सप्लाई शुरू हो जाएगी। पीएनजीआरबी के सदस्य गजेंद्र सिंह ने कहा कि पाइप लाइन का कार्य अंतिम चरण हैं। कुछ जगह पर थोड़ी बहुत दिक्कत है, उसे दूर करने के लिए प्रदेश सरकार से सहायता मांगी गई है।   विदित है कि सिटी गैस वितरण योजना के तहत दून में पाइप लाइन के जरिए पीएनजी गैस घरों तक पहुंचाने का कार्य चल रहा है।  गेल कंपनी इसके लिए दून के मोथरोवाला, बंजारावाला,सरस्वती विहार, दीपनगर, देहराखास, निरंजनपुर, बसंत विहार,  इंदिरा नगर क्षेत्र में लाइन बिछा रही है। अधिकतर कार्य पूरा हो चुका है। केवल हरिद्वार से आने वाले पाइप लाइन में गंगा क्षेत्र में कुछ दिक्कत आ रही है। एनजीआरबी (पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड) के सदस्य गजेंद्र सिंह एवं गेल गैस लिमिटेड के सीईओ रमन चड्ढा के अनुसार अभी तक देहरादून के 16685 लोगों को पीएनजी गैस के कनेक्शन भी दिए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि कुछ जगहों पर पाइप लाइन बिछाने में देरी हो रही है। इसकी वजह समय से सरकार से अनुमति नहीं मिलना है। उन्होंने सिंगल विंडो व्यवस्था की मांग भी की। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में आबादी ज्यादा है सबसे पहले वहां लाइन बिछाई छा जा रही है। इस अवसर पर इंडियन ऑयल अडानी गैस प्राइवेट लिमिटेड के सीओ भाषित धोलकिया, समीर विरमानी, प्रमोद कुमार पैन्यूली, खाद्य आपूर्ति विभाग से एमएस बिसेन आदि अधिकारी उपस्थित रहे।

जल्द खोले जाएंगे 50 सीएनजी स्टेशन 

अगले साल मार्च तक देहरादून के साढ़े 16 हजार घरों तक पाइप लाइन से पीएनजी गैस की सप्लाई तो शुरू हो जाएगी। इसके अलावा जिले में पचास सीएनजी स्टेशन खोलने का लक्ष्य भी रखा गया है। फिलहाल पांच सीएनजी जिले में वर्किंग में हैं। इस साल के अंत तक शहर में छह नये सीएनजी स्टेशन भी खुलेंगे। इन स्टेशनों पर अंतिम चरण का काम चल रहा है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *