देहरादून: कोरोना संक्रमण के मद्देनजर अब तक मात्र चार घंटे संचालित हो रहे स्कूल आज शुक्रवार से पहले की तरह पूरे समय के लिए खुले। इस संबंध में गुरुवार को उत्तराखंड शासन की ओर से आदेश जारी कर दिया गया था। यह आदेश सरकारी और गैर सरकारी, सभी शिक्षण संस्थाओं पर लागू होगा।

चार घंटे संचालित की जा रही थीं छह से 12वीं तक की कक्षाएं
सचिव शिक्षा बीबीआरसी पुरुषोत्तम की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कोविड-19 के दृष्टिगत राज्य में अब तक समस्त बोर्ड की ओर से संचालित बोर्डिंग, डे बोर्डिंग शिक्षण संस्थानों में छह से 12वीं तक की कक्षाएं चार घंटे संचालित की जा रही थीं। जिन्हें अब पूर्व की भांति पूरे समय खोलने के आदेश जारी किए गए हैं। नए आदेशों के तहत अब छह से 12वीं तक की कक्षाएं प्रदेशभर में पूरे समय संचालित होंगी। इसमें शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त, निजी शिक्षण संस्थान सभी शामिल हैं। इसके अलावा केंद्र की ओर से जारी कोविड गाइडलाइन यथावत रहेगी।