Nirbhik Nazar

हरक सिंह रावत की प्रीतम सिंह से मुलाकात, क्या बन गई बात ?

देहरादून: चुनावी बेला में दो दिग्गज नेता यदि दिन दोपहर में भी मिलें तो अटकलों को पंख लग जाते हैं। और यही मुलाकात यदि रात को हो रही हो तो राजनीतिक गलियारों में नए मायने निकलना लाजिमी है।  शुक्रवार को फिर कुछ ऐसा ही हुआ। काबीना मंत्री हरक सिंह रावत और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह की यूं ही एक रेस्टारेंट में मुलाकात क्या हुई, सियासी गलियारों में अफवाहों का सिलसिला फिर चल पड़ा।  दो महीने के भीतर हरक-प्रीतम की यह तीसरी गोपनीय मुलाकात है। हालांकि दोनों नेताओं ने इस मुलाकात को सामान्य शिष्टाचार मुलाकात बताया है। शुक्रवार रात एक टीवी चैनल के कार्यक्रम से लौटते वक्त नेता प्रतिपक्ष की गाड़ी आईएसबीटी रोड पर ही एक रेस्टोरेंट की ओर मुड़ गई। यह रेस्टोरेंट काबीना मंत्री हरक के किसी परिचित का बताया जाता है।

थोड़ी ही देर बाद चर्चा चल पड़ी की कि दो दिग्गजों की काफी महत्वपूर्ण बैठक हो रही है। भनक लगते ही मीडिया कर्मी भी दौड़ पड़े। रेस्टारेंट में प्रीतम तो थे ही, उनके साथ वहां हरक सिंह भी बैठे हुए थे। मीडिया को देखकर एक बार को दोनों नेता सकपका गए।पूछने पर उन्होंने कहा कि यह सामान्य शिष्टाचार मुलाकात थी। हालांकि दोनों नेताओं की मुलाकात के पिछले काफी समय से राजनीतिक निहितार्थ निकाले जाते रहे हैं। पूर्व काबीना मंत्री यशपाल आर्य की वापसी के वक्त भी प्रीतम इसी प्रकार सक्रिय थे। 

हरक सिंह जी काबीना मंत्री हैं। मेरे क्षेत्र के विकास और स्थानीय लोगों की समस्याओं से जुड़े कुछ काम थे। मैं उन्हीं पर चर्चा करने और दस्तावेज देने आया था। पता चला कि हरक सिंह जी रेस्टोरेंट में हैं तो मैं यहीं आ गया। वैसे भी राजनीति के कारण व्यक्तिगत रिश्तों को खत्म नहीं किया जाता। 

प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष

इस मुलाकात को ठीक उसी प्रकार देखा जाना चाहिए जिस प्रकार कोई सम्मानित जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र के मुद्दों लेकर काबीना मंत्री के पास आता है। मुझे अच्छा लगता है कि प्रीतम जी अपने क्षेत्र के लिए इतने गंभीर हैं। यदि हरीश रावत जी और गणेश गोदियाल जी भी सांसद-विधायक होते तो वो भी जरूर अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर आते। 

डा. हरक सिंह रावत, काबीना मंत्री 

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *