Nirbhik Nazar

तो बीजेपी मे शामिल होंगे किशोर उपाध्याय ? जानिए क्या बोले बीजेपी के प्रवक्ता… (VIDEO)

देहारादून: कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व टिहरी से दो बार विधायक रहे किशोर उपाध्याय के भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई है। चार दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देहरादून में होने वाली जनसभा में उपाध्याय के भाजपा में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं। उपाध्याय पिछले काफी समय से अपनी पार्टी संगठन से नाराज चल रहे हैं। इन दिनों कांग्रेस चुनाव संचालन के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और उपाध्याय के बीच सोशल मीडिया पर शीत युद्ध चल रहा है।


पूर्व विधायक किशोर उपाध्याय का टिहरी जिले में खासा जनाधार है। टिहरी विधानसभा से वह 2002 से 12 तक दो बार विधायक निर्वाचित हुए। 2002 में वह एनडी तिवारी सरकार में दो वर्ष तक औद्योगिक राज्यमंत्री रहे हैं। 2002 में टिहरी जिले में कांग्रेस छह में पांच विधानसभा सीटों पर काबिज होने में कामयाब रही। 2007 के विधानसभा चुनाव में टिहरी और घनसाली से कांग्रेस को जीत हासिल हुई थी। प्रतापनगर और धनोल्टी विधानसभा सीटें भाजपा और नरेंद्रनगर तथा देवप्रयाग की सीटें उक्रांद के खाते में गई। 2012 के विधानसभा चुनाव में उपाध्याय 376 वोटों से चुनाव हार गए थे। 2014 में हरीश रावत के मुख्यमंत्री बनने के बाद उपाध्याय को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कमान मिली। 2017 में प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए वह सहसपुर से विधायक का चुनाव हार गए। चुनाव में पार्टी को मिली करारी हार के बाद उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ा था। 2022 विधानसभा चुनाव के लिए वह पिछले दो साल से टिहरी विधानसभा सीट से तैयारी कर गांव-गांव जाकर जन संपर्क में जुट हुए थे, लेकिन पिछले एक माह से वह चुनाव प्रचार अभियान से दूरी बनाए हुए हैं। वहीं बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता शादाब शम्स ने किशोर उपाध्याय को बीजेपी मे आने का न्योता भी दिया है।

सुनिए क्या बोले बीजेपी प्रवक्ता शादाब शम्स

उपाध्याय के भाजपा में शामिल होने के कयास से कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं में संशय की स्थिति बनी हुई है। भाजपा का एक गुट भी उन्हें पार्टी में शामिल कराने के लिए जोरशोर से पैरवी कर रहा है। हालांकि बीते 30 अक्तूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून दौरे के दौरान भी उपाध्याय के भाजपा में शामिल होने की चर्चा थी। अब पीएम नरेंद्र मोदी की चार दिसंबर को देहरादून में होने वाली जनसभा में उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चा है। संपर्क करने पर किशोर उपाध्याय ने कहा कि भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं मेरे शुभचिंतक कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर मैंने हरीश रावत की टिप्पणी का जवाब दिया।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *