Nirbhik Nazar

रिसर्च मे खुलासा: ब्लड ग्रुप के हिसाब से शरीर पर होता है कोरोना का असर, इन ग्रुप वालों को है सबसे अधिक खतरा…

न्यूज़ डेस्क: कोरोना वायरस पर लगातार नए -नए अध्ययन किए जा रहे हैं. जिनमें इस वायरस के बारे में कई जानकारी सामने आ रही हैं. अब एक रिसर्च में पता चला है कि व्यक्ति के ब्लड ग्रुप के हिसाब से ही उसके शरीर पर कोरोना का असर होता है. कुछ ब्लड ग्रुप ऐसे होते हैं. जिनमें कोरोना से संक्रमित होने का खतरा काफी ज्यादा रहता है. साथ ही ब्लड ग्रुप के हिसाब से ही मरीज की रिकवरी जल्दी या देरी से होती है. सर गंगा राम अस्पताल के डिपार्टमेंट ऑफ़ ब्लड ट्रांसफ्यूज़न मेडिसिन द्वारा यह स्टडी की गई है. यह शोध फ्रंटियर्स इन सेल्युलर एंड इंफेक्शन माइक्रोबायोलॉजी में प्रकाशित हुआ है. इसमें बताया गया है कि ब्लड ग्रुप ए और बी वाले लोगों में कोरोना से संक्रमित होने की आशंका ज्यादा रहती है. इन ब्लड ग्रुप के लोग कोविड के प्रति अतिसंवेदनशील हैं. जबकि ओ और एबी ग्रुप वाले संक्रमण से कम प्रभावित हुए हैं. रिसर्च में यह  बताया गया है कि रक्त समूहों  का रोग की गंभीरता और मृत्यु दर के बीच कोई संबंध नहीं है.

पुरुषों को अधिक खतरा

सर गंगा राम अस्पताल के ब्लड ट्रांसफ्यूज़न मेडिसिन विभाग के डॉक्टर विवेक रंजन ने बताया कि इस अध्ययन के माध्यम से यह भी पता चला कि  बी+ ग्रुप के पुरुष रोगियों में महिलाओं की तुलना में कोविड-19 का खतरा अधिक है. साथ ही 60 साल के जिन लोगों का ग्रुप बी और एबी है. ऐसे रोगियों को भी संक्रमण का खतरा ज्यादा होता है. अध्ययन में यह भी पाया गया कि ब्लड ग्रुप ए और आरएच+ के मरीजों को कोरोना से रिकवर होने में अधिक समय लगा, जबकि ब्लड ग्रुप (ओ) वाले लोग जल्दी स्वस्थ हो गए थे. इन लोगों में संक्रमण के लक्षण ज्यादा दिनों तक नहीं दिखाई दिए थे.

2586 लोगों को किया गया शामिल

अस्पताल के डिपार्टमेंट ऑफ रिसर्च की कंसलटेंट की डॉक्टर रश्मि राणा ने बताया कि अलग- अलग ब्लड ग्रुप और कोरोना वायरस के बीच संबंध पता लगाने के लिए यह अध्ययन किया गया है, इसमें ब्लड ग्रुप के साथ कोविड-19 की संवेदनशीलता, बीमारी का इलाज़, ठीक होने में लगने वाला समय, और मृत्यु दर की जांच की गई है. इसमें 2586 लोगों को शामिल किया गया है. यह सभी कोरोना से पीड़ित हुए थे. इन मरीजों को  8 अप्रैल, 2020 से 4 अक्टूबर, 2020 तक सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *