देहरादून: बिहारी महासभा उत्तराखंड ने सीडीएस जनरल बिपिन रावत के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख ब्यक्त किया है.बता दें कि कल तमिलनाडु के कुन्नूर जिले में सीडीएस बिपिन रावत को ले जा रहा सेना का हेलीकाप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में सीडीएस बिपिन रावत और उनकी पत्नी समेत 13 लोगों की मौत हो गई। सभा के अध्यक्ष ललन सिंह ने सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और अन्य सैन्य अधिकारियों के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा को अपने साहसिक निर्णय और सैन्य बलों का मनोबल ऊंचा बनाए रखने के लिए जनरल रावत द्वारा दिए गए योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

सभा के सचिव चंदन कुमार झा ने कहा कि उत्तराखंड निवासी सीडीएस जनरल रावत अपनी विलक्षण प्रतिभा, परिश्रम, अदम्य साहस व शौर्य के बल पर सेना के सर्वोच्च पद पर पहुंचे। जनरल रावत ने देश की सुरक्षा व्यवस्था और भारतीय सेना को नई दिशा दी। सीमाओं की सुरक्षा और देश की रक्षा के लिए उनके द्वारा कई साहसिक निर्णय लिए गए। साथ ही सैन्य बलों के मनोबल को हमेशा ऊंचा बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। कोषाध्यक्ष रितेश कुमार ने कहा कि जनरल रावत के आकस्मिक निधन से न सिर्फ उत्तराखंड बल्कि देश की अपूरणीय क्षति हुई है। हम सबको अपने इस महान सपूत पर हमेशा गर्व रहेगा। उन्होंने हेलीकाप्टर दुर्घटना में दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त स्वजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
सभा ने भारत माता के वीर सपूत अदम्य साहसी सेनानायक, देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत व अन्य सेना के अधिकारियों का हेलीकॉप्टर दुर्घटना में निधन राष्ट्र की अपूरणीय क्षति है ! राष्ट्र चिरकाल तक उनकी सेवाओं के प्रति कृतज्ञता पूर्वक स्मरण करता रहेगा ! बिहारी महासभा के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गण सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन पर गहरा दुख एवं अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करती है