Nirbhik Nazar

नये साल पर शाह का दून दौरा, बीजेपी के ये स्टार उतरेंगे उत्तराखंड की जमीन पर

देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता लगने से पहले के समय का भाजपा पूरा लाभ उठाने में जुटी है। प्रदेश में चल रही विजय संकल्प यात्रा के दौरान होने वाली सभाओं के लिए पार्टी द्वारा जिस तरह अपने स्टार प्रचारक मैदान में उतारे जा रहे हैं, वह तो इसी तरफ इशारा कर रहे हैं। माना जा रहा कि विधानसभा चुनाव की घोषणा अगले माह के मध्य में हो सकती है। शायद यही कारण है कि भाजपा ने इससे पहले ही अपने सभी स्टार प्रचारकों को चुनावी दृष्टि से राज्य में मोर्चे पर लगाया हुआ है। वैसे भी चुनाव की घोषणा होने के बाद पार्टी के सूचीबद्ध स्टार प्रचारक ही आते हैं। ऐसे में आचार संहिता लगने से पहले के समय का भाजपा भरपूर फायदा उठाने के मूड में है।

इस क्रम में देखें तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन माह में उत्तराखंड के तीन दौरे कर चुके हैं तो केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, अनुराग ठाकुर, किरण रिजिजू, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत अन्य नेताओं के भी नियमित अंतराल में कार्यक्रम लग चुके हैं। साफ है कि केंद्रीय मंत्रियों और राष्ट्रीय नेताओं की सभाओं के साथ ही अन्य कार्यक्रम आयोजित कर पार्टी अपने पक्ष में माहौल बनाने के साथ ही स्वयं की जमीन को और मजबूती दे रही है।यही नहीं, वर्तमान में विजय संकल्प यात्रा के लिए भी पार्टी ने केंद्रीय मंत्रियों समेत अन्य नेताओं की सभाओं के कार्यक्रम तय किए हैं। प्रधानमंत्री मोदी की 30 दिसंबर को कुमाऊं मंडल में रैली पहले ही प्रस्तावित है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि विजय संकल्प यात्रा के दौरान केंद्रीय नेताओं के अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक समेत सरकार के मंत्रियों और पूर्व मुख्यमंत्रियों की सभाएं होंगी।

एक जनवरी को दून में गरजेंगे शाह

गृह मंत्री अमित शाह एक जनवरी को देहरादून महानगर क्षेत्र में विजय संकल्प यात्रा के तहत रोड शो में शामिल होंगे। इसी दिन उनका सहसपुर क्षेत्र में सभा को संबोधित करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। सूत्रों ने बताया कि दो जनवरी को हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ विकासनगर क्षेत्र में, छह जनवरी को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी उत्तरकाशी में विजय संकल्प यात्रा में शामिल होंगे। इससे पहले बुधवार को सांसद एवं पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर का यमकेश्वर क्षेत्र, 24 दिसंबर को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का श्रीनगर क्षेत्र और 28 दिसंबर को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का ऋषिकेश में विजय संकल्प यात्रा में भाग लेने का कार्यक्रम है।

चार पूर्व सीएम भी मोर्चे पर

विजय संकल्प यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर होने वाली सभाओं के लिए भाजपा ने चार पूर्व मुख्यमंत्रियों की ड्यूटी भी लगाई है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, विजय बहुगुणा, त्रिवेंद्र सिंह रावत व तीरथ सिंह रावत शामिल हैं।

चुनावी तैयारियों को परखेंगे नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का 26 दिसंबर को देहरादून का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वह चुनाव प्रबंधन समिति के साथ ही पार्टी के प्रांतीय पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। वह चुनावी तैयारियों को परखने के साथ ही आवश्यक टिप्स भी देंगे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *