Nirbhik Nazar

नाराज़ हैं मंत्री जी ? भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक मे नहीं दिखे हरक सिंह रावत…

देहरादून: उत्तराखंड भाजपा मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक हुई। बैठक में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रत्याशी चयन को दावेदारों के पैनल पर चर्चा की गई।बैठक खत्म होने के बाद केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी ने बताया कि बैठक में चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई और बदली परिस्थितियों में चुनाव प्रचार किस तरह होगा, इसकी रणनीति तय की गई। इसके अलावा चुनाव से सम्बंधित अन्य विषयों पर भी विमर्श किया गया। उधर, सूत्रों ने बताया कि बैठक में विधानसभा सीटों के लिए तैयार पैनल पर भी विमर्श हुआ और सूची को शार्टलिस्ट किया गया।

कोर ग्रुप की बैठक से हरक सिंह रावत नदारद 

भाजपा के प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत गैरमौजूद हैं। इसको लेकर सियासी गलियारों में हरक सिंह को लेकर फिर से चर्चाएं होने लगी है। इसे हरक की नाराजगी से भी जोड़कर देखा जा रहा है। संपर्क करने पर हरक ने कहा कि उन्हें कोर ग्रुप की बैठक की सूचना देर से मिली। इस वजह से वह बैठक में नहीं पहुंच पाए। बैठक में केंद्रीय मंत्री और प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत व विजय बहुगुणा, भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र भंडारी व सुरेश भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज व धन सिंह रावत, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल आदि मौजूद हैं।

उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी चयन के लिए भाजपा मंथन में जुट गई है। विधानसभा की 27 सीटें ऐसी हैं, जिनमें प्रत्याशियों के टिकट लगभग तय हैं और पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड से उनके नाम का केवल औपचारिक एलान होना बाकी है। रविवार को पार्टी की ओर से सभी दावेदारों के पैनल की सूची दिल्ली में केंद्रीय संसदीय बोर्ड को सौंपी जाएगी। माना जा रहा कि भाजपा दो चरणों में प्रत्याशियों की सूची जारी करेगी। पहली नामांकन प्रक्रिया शुरू होने, यानी 21 जनवरी से पहले और दूसरी सूची 25 जनवरी तक जारी की जा सकती है।

प्रत्याशियों के चयन के मद्देनजर पैनल तैयार करने के लिए प्रदेश भाजपा ने हाल में ही पार्टी के प्रांतीय पदाधिकारियों को सभी विधानसभा क्षेत्रों में भेजा था। बताया जा रहा कि सभी सीटों के लिए 160 से ज्यादा नाम सामने आए हैं। कुछ सीटें ऐसी भी हैं, जिनके पैनल में एक-एक ही नाम है। प्रदेश भाजपा के कोर ग्रुप की शनिवार को प्रांतीय मुख्यालय में होने वाली बैठक में पैनल में शामिल नामों पर विचार किया जाएगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *