Nirbhik Nazar

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 : आज जारी होगी बीजेपी – कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची

देहरादून: विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा गुरुवार को प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करेगी। बुधवार को दिल्ली में हुई पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रदेश भाजपा की ओर से भेजे गए दावेदारों के पैनल पर चर्चा की गई। सूत्रों ने बताया कि अधिकांश नामों पर सहमति बन चुकी है। केंद्रीय नेतृत्व गुरुवार दोपहर तक ज्यादातर सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम का एलान कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक व प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने 16 जनवरी को प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों के तैयार पैनल केंद्रीय नेतृत्व को सौंपा था। बुधवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। मुख्यमंत्री धामी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कौशिक, प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी, सह चुनाव प्रभारी आरपी सिंह भी इस बैठक में शामिल हुए। इसमें दावेदारों के पैनल में शामिल नामों पर सीटवार पर विमर्श हुआ।

उम्मीद जताई जा रही थी कि देर शाम तक पार्टी नेतृत्व प्रथम चरण में उन सभी सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर देगा, जो निर्विवाद हैं। जिन सीटों पर राजनीतिक समीकरण साधने की रणनीति या दूसरे कारणों से असमंजस है, उन पर केंद्रीय चुनाव समिति प्रदेश के नेताओं के साथ एक बार फिर से मंथन करेगी। उसके बाद ही इन पर फैसला किया जाएगा। तब तक सभी दावेदारों की नजरें दिल्ली पर टिकी रहेंगी।

आज जारी हो सकती है कांग्रेस की सूची

उत्तराखंड में कांग्रेस के टिकट आज देर रात घोषित किए जा सकते हैं। दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक गुरुवार शाम होगी। इसके बाद प्रत्याशियों की पहली सूची घोषित हो सकती है। बताया जा रहा है कि सीईसी की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की सीट पर भी निर्णय हो सकता है। अभी तक डीडीहाट, रामनगर से हरीश रावत के चुनाव लड़ने की चर्चा गरमाती रही है। प्रदेश में कांग्रेस के 70 टिकटों पर सीईसी को निर्णय लेना है। इनमें से तकरीबन 45 सीटों पर आम सहमति बन चुकी है। शेष सीटों पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह टिकट के दावेदारों के संबंध में लिखित ब्योरा स्क्रीनिंग कमेटी को सौंप चुके हैं। स्क्रीनिंग कमेटी प्रत्याशियों के पैनल को सीईसी को सौंप चुकी है। सूत्रों के अनुसार टिकट जारी करने से पहले पार्टी पूर्व मंत्री हरक सिंह की वापसी पर फैसला ले सकती है।

गुरुवार को हरक सिंह रावत की पार्टी में वापसी हुई तो प्रत्याशियों की सूची शुक्रवार को घोषित होगी। संपर्क करने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रत्याशियों की सूची गुरुवार को घोषित की जा सकती है। टिकटों के बारे में अब सीईसी को निर्णय लेना है। सीईसी की बैठक गुरुवार को होगी। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा कि यह चुनाव महत्वपूर्ण है। उनकी लड़ाई सभी 70 सीटों पर है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *