Nirbhik Nazar

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी का टिकट कटने से महिला मोर्चा के पदाधिकारी नाराज़, BJP ने दिया भरोसा…

देहरादून: भाजपा संगठन ने प्रदेश महिला मोर्चा को विश्वास दिलाया है कि मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और यमकेश्वर से विधायक ऋतु खंडूड़ी के साथ पार्टी न्याय करेगी। विधायक खंडूड़ी का टिकट काटे जाने से नाराज मोर्चा की प्रांतीय पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को इस विषय पर प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय से मुलाकात की। विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 59 प्रत्याशियों की जो सूची जारी की है, उसमें ऋतु खंडूड़ी का नाम नहीं है। यमकेश्वर सीट पर पार्टी ने रेणु बिष्ट को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के इस निर्णय से महिला मोर्चा में नाराजगी का भाव है। मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष कंचन ठाकुर के अनुसार शनिवार को प्रदेश कार्यालय में मोर्चा की प्रांतीय पदाधिकारियों ने पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय के समक्ष अपनी बात प्रमुखता से रखी।

मोर्चा पदाधिकारियों का कहना था कि खंडूड़ी का टिकट काटे जाने से मोर्चा बेहद आहत है। उन्होंने यह भी कहा कि एक दिन पहले भाजपा में शामिल हुई महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष को तो पार्टी ने टिकट दे दिया, लेकिन महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष का टिकट काट दिया गया। यह अन्याय क्यों। मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर के अनुसार प्रदेश महामंत्री संगठन ने कहा कि ऋतु खंडूड़ी का टिकट कटने का कष्ट उन्हें भी है।

इसके साथ ही विश्वास दिलाया है कि खंडूड़ी के साथ संगठन न्याय करेगा। प्रदेश महामंत्री से मिले प्रतिनिधिमंडल में मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष कंचन ठाकुर, अनुराधा वालिया, प्रदेश महामंत्री अनु कक्कड़, प्रदेश मंत्री बबीता सहोत्रा व भावना शर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष नंदिनी शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थीं।

कैड़ा का त्यागपत्र स्वीकार

भीमताल से निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा का विधानसभा सदस्यता से दिया गया त्यागपत्र अब विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने स्वीकार कर लिया है। दिलचस्प ये कि कैड़ा का त्यागपत्र तब स्वीकार हुआ, जब भाजपा उन्हें प्रत्याशी भी घोषित कर चुकी है। कैड़ा ने पिछले वर्ष आठ अक्टूबर को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके कुछ समय पद उन्होंने विधानसभा सदस्यता से अपना त्यागपत्र विधानसभा अध्यक्ष को भेज दिया था। परीक्षण के बाद अब उनका त्यागपत्र स्वीकार कर लिया गया है।

 

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *