Nirbhik Nazar

कांग्रेस की दूसरी लिस्ट जारी, हरीश रावत रामनगर से लड़ेंगे चुनाव, हरक की पुत्रवधू को लैंसडाउन से मिला टिकट

देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत नैनीताल जिले की रामनगर विधानसभा से इस बार चुनाव लड़ेंगे। वहीं, बीते हफ्ते भाजपा से कांग्रेस में वापसी करने वाले पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की पुत्र वधु अनुकृति गोसाई लैंसडाउन विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी बनाई गई हैं। कांग्रेस ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को 11 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और अनुकृति गोसाई का नाम भी शामिल हैं।

पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, रावत को नैनीताल जिले की रामनगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।  इस सीट पर रंजीत रावत दावेदारी कर रहे थे। रंजीत एक वक्त तक हरीश रावत के ही करीबी माने जाते रहे हैं, लेकिन 2017 में कांग्रेस की सरकार जाते-जाते हरीश रावत और रंजीत रावत में बिगाड़ हो गई। तब से दोनों एक-दूसरे के विरोधी बने हुए हैं। रामनगर सीट पर चुनाव लडऩे के लिए जनता की राय जानने संबंधी हरीश रावत का एक ऑडियो बीते दिनों वायरल हुआ था, जिसकी बड़ी चर्चा भी रही। वहीं, पुत्र वधु अनुकृति गोसाई के टिकट के लिए हरक सिंह रावत की जिद ही भाजपा से उनकी बिगाड़ का कारण बना बताया जाता है। इसी शर्त के साथ ही हरक ने कांग्रेस में वापसी भी की है।

11 प्रत्याशियों की इस सूची के साथ कांग्रेस उत्तराखंड में अब तक 64 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। अब उसे छह और सीटों पर उम्मीदवार घोषित करने हैं। कांग्रेस ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को 53 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी जिसमें पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल और विधायक दल के नेता प्रीतम सिंह के नाम शामिल थे। उत्तराखंड में सभी 70 सीटों के लिए 14 फरवरी को मतदान होगा। मतगणना 10 मार्च को होगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *