Nirbhik Nazar

11 विधानसभा सीटों पर भाजपा का मंथन जारी, ऋतु खंडूड़ी को डोईवाला से टिकट देने की तैयारी !

देहरादून: भाजपा उलझी हुई 11 विधानसभा सीटों में से कई सीटों पर नए दावेदारों पर भी विचार कर रही है। राज्य नेतृत्व की ओर से कुछ नए नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जा रहे हैं। मंथन के बाद एक दो दिनों में इन सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान किया जाएगा।  देहरादून में प्रदेश भाजपा मुख्यालय में चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने राज्य के नेताओं के साथ बैठक की जिसमें डोईवाला, कोटद्वार, टिहरी सहित उलझी हुई 11 सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर चर्चा की गई।

सूत्रों ने बताया कि डोईवाला और कोटद्वार जैसी सीटों पर पैनल से बाहर पार्टी के कुछ नए दावेदारों पर भी विचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि राज्य स्तर पर चर्चा के बाद इन नामों को दिल्ली भेजा जा रहा है। जहां एक बार फिर उच्च स्तरीय बैठक में मंथन होगा और फिर एक दो दिन में प्रत्याशियों का ऐलान किया जाएगा।

बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ ही सांसद अजय टम्टा, प्रदेश संगठन महामंत्री और अन्य महासचिव भी मौजूद रहे। बागियों को लेकर भी चर्चा: पार्टी के सूत्रों ने बताया कि राज्य की कई सीटों पर प्रत्याशियों के ऐलान के बाद असंतोष देखने को मिल रहा है। ऐसे में पार्टी को नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। इस समस्या को देखते हुए बागियों व नाराज नेताओं को मनाने को लेकर भी चर्चा की गई। 

विधानसभा चुनावों के प्रत्याशी चयन को लेकर पार्टी की ओर से सभी सीटों के लिए पहले ही पैनल तैयार किया जा चुका था। लेकिन देशकाल और परिस्थिति के अनुसार कुछ सीटों पर अभी भी चर्चा चल रही है। इस संदर्भ में केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा के बाद दूसरी सूची को भी एक दो दिन में जारी कर दिया जाएगा।

पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री   

ऋतु खंडूड़ी को मिलेगा डोईवाला से टिकट !

भाजपा डोईवाला और कोटद्वार सीट को लेकर ऋतु खंडूड़ी के नाम पर भी विचार कर रही है। बताया जा रहा है कि भाजपा मंगलवार तक फैसला करने के बाद 11 प्रत्याशियों की सूची जारी कर देगी। भाजपा ने अभी 11 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान नहीं किया है। इनमें से डोईवाला और कोटद्वार विधानसभा सीट पर सबसे अधिक पेच है।

सूत्रों ने बताया कि डोईवाला और कोटद्वार को लेकर पहले पूर्व सीडीएस जनरल बिपिन रावत के भाई कर्नल विजय रावत को लेकर चर्चा हुई लेकिन उनके चुनाव लड़ने को लेकर ऊहापोह की स्थिति है। उसके बाद भाजपा की ओर से सीडीएस जनरल रावत की बेटियों के नाम पर भी चर्चा की गई। सूत्रों का कहना है कि अब पार्टी कोटद्वार और डोईवाला सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी की बेटी व यमकेश्वर से विधायक ऋतु खंडूड़ी के नाम पर चर्चा कर रही है।

 

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *