Nirbhik Nazar

ये 15 बागी भाजपा के माथे पर खींच रहें चिंता की लकीर, कांग्रेस भी नहीं रोक पाई बगावत…

देहरादून: विधानसभा चुनाव 2022 के लिए तैयार डैमेज कंट्रोल प्लान में भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस से पिछड़ती नजर आ रही है। पार्टी बगावती नेताओं को न तो मना ही पाई और न अभी तक कोई सख्त कदम उठाया गया है। ऐसे में पार्टी के अनुशासन पर सवाल खड़े होने लगे हैं। हालात यह है कि नाम वापसी के बाद भी भाजपा के 15 नेता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं। यही नहीं दो दिन बीतने के बावजूद पार्टी अभी तक उन पर कोई सख्त कदम भी नहीं उठा पाई है। पार्टी ने राज्य के सांसदों की ड्यूटी भी बागियों को मनाने में लगाई थी, लेकिन राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी और हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक को छोड़कर अन्य ज्यादा कमाल नहीं दिखा पाए। बताया जा रहा है कि राज्य स्तरीय संगठन को चला रहे नेताओं के तो बागियों ने फोन तक नहीं उठाए।

कांग्रेस ने आठ-भाजपा ने पांच बागियों को मनाया 

भाजपा के 20 नेताओं ने अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ नामांकन कराया था जिसमें से पार्टी पांच नेताओं को मनाने में सफल रही थी। इसके बाद अब भाजपा के 15 नेता बागी हैं। इसी तरह कांग्रेस के 15 बागी मैदान में थे जिसमें से आठ को मना लिया गया था जबकि सात बागियों में से चार को पार्टी ने मंगलवार को ही पार्टी से निष्कासित कर बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

डैमेज कंट्रोल में भी कांग्रेस का मैनेजमेंट काफी सक्रिय नजर आया। ऋषिकेश से टिकट न मिलने से नाराज शूरवीर सिंह सजवाण को पार्टी ने कार्यकारी अध्यक्ष बना डाला वहीं लैंसडाउन से टिकट न मिलने पर रघुवीर विष्ट को महामंत्री बनाया गया। इसी तरह ज्योति रौतेला की नाराजगी को दूर करने के लिए उन्हें महिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। इसके विपरीत भाजपा का नेतृत्व अभी भी बागियों का मुंह ताक रहा है।

बीएल संतोष खुद संभालेंगे मोर्चा 

पार्टी में बड़ी संख्या में बगावत की स्थिति को देखते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन दून पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि उनके स्तर से भी बागी नेताओं को मनाने के प्रयास किए जाएंगे। यदि फिर भी बागी नहीं माने तो सख्त कदम उठाए जाएंगे। पार्टी के सूत्रों ने बताया कि राज्य नेतृत्व ने अब गेंद शीर्ष नेतृत्व के पाले में डाल दी गई है।  हम बागियों से डर नहीं रहे बल्कि मनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कई बागी नेताओं से बातचीत चल रही है यदि उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार शुरू नहीं किया तो कार्रवाई करेंगे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *