Nirbhik Nazar

डबल फेलियर सरकार है भाजपा की, डबल इंजन नहीं – राष्ट्रीय प्रवक्ता, कांग्रेस  

देहरादून: कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार नहीं बल्कि फेलियर सरकार है। राज्य को भाजपा सरकार ने 66 करोड़ के कर्ज के तले दबा दिया है। प्रदेश में तीन-तीन मुख्यमंत्रियों को बदलना दर्शाता है कि सरकार असफल है। ये बातें उन्होंने रविवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहीं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभी घोषणाएं और वादे खोखले साबित हुए हैं। जनता अब भाजपा को नकारते हुए कांग्रेस को लाना चाहती है। उत्तराखंड में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है। रागिनी ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा राज में महंगाई बेहद बढ़ी है। युवा बेरोजगार हुए हैं और कारोबार ठप पड़ गए हैं। 20 से 29 वर्ष के युवाओं की बेरोजगारी दर 56 फीसदी हो गई। हर घर जल पहुंचाने का दावा खोखला साबित हुआ है। उत्तराखंड में 50 फीसदी स्रोत सूख गए हैं। गंगा में प्रदूषण कम होने के बजाय बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा अपना हक मांगने जब सड़कों पर उतरता है तो सरकार उन्हें लाठियों से पिटवाती है। नौजवानों को स्मैक के नशे में धकेला जा रहा है। भाजपा ने शिक्षा का बजट सबसे कम कर दिया है। सभी भाजपा शासित प्रदेशों में भी शिक्षा का बजट बेहद कम किया गया है। इससे साबित होता है कि प्रधानमंत्री ने शिक्षा के बजट को बढ़ाने का केवल खोखला दावा किया था।

मुस्लिम यूनिवर्सिटी के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा इसे केवल बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही है। उन्होंने कहा कि इसको लेकर कांग्रेस के घोषणा पत्र में कोई घोषणा नहीं की गई है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के कांग्रेस पर घोषणा पत्र की कॉपी करने के आरोप को नकारते हुए कहा कि आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छोटे भाई हैं। प्रेस वार्ता में राज्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, प्रदेश महामंत्री अंशुल श्रीकुंज, महिला जिलाध्यक्ष विमला पांडेय, महानगर अध्यक्ष अंजू मिश्रा, पूर्व प्रदेश सचिव विभास मिश्रा, शशि झा, अंजू द्विवेदी आदि शामिल रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *